Hardoi: पिहानी को ₹9 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सांसद जयप्रकाश रावत ने किया शिलान्यास

नगर पालिका पिहानी के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद जयप्रकाश

Jul 16, 2026 - 20:57
76 Views
Hardoi: पिहानी को ₹9 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सांसद जयप्रकाश रावत ने किया शिलान्यास
पिहानी को ₹9 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात, सांसद जयप्रकाश रावत ने किया शिलान्यास

पिहानी (हरदोई)। नगर पालिका पिहानी के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद जयप्रकाश रावत ने करीब ₹9 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने ₹3.57 करोड़ की लागत से बनने वाले आधुनिक कल्याण मंडपम (बारात घर) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। साथ ही नगर में नाली, इंटरलॉकिंग सड़क, खड़ंजा और जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए ₹5.43 करोड़ की विकास योजनाओं का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ भाजपा नेता पियूष शुक्ला ने किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सांसद का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

  • ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई ने विकास कार्यों की सराहना की

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई ने सांसद जयप्रकाश रावत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सांसद क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास योजनाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। पिहानी के लिए घोषित करीब ₹9 करोड़ की विकास परियोजनाएं नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

उन्होंने कहा कि ₹3.57 करोड़ की लागत से बनने वाला आधुनिक कल्याण मंडपम आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। इससे लोगों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर और किफायती सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही नगर में नाली, सड़क और जल निकासी से जुड़ी परियोजनाओं के पूरा होने से नागरिकों को लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।

नगर पालिका अध्यक्ष शाहीन बेगम और भाजपा नेता पियूष शुक्ला ने कहा कि सांसद जयप्रकाश रावत के प्रयासों से पिहानी में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि नगर के लिए स्वीकृत ₹5.43 करोड़ की ड्रेनेज एवं अन्य आधारभूत विकास योजनाओं से जलभराव की समस्या के समाधान के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने इन परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

  • जनता का दर्द सुन भावुक हुए सांसद, बिजली संकट के समाधान का दिया भरोसा

विकास कार्यों के शुभारंभ के बीच उस समय माहौल भावुक हो गया, जब उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन (पिहानी) के अध्यक्ष पंकज वैश्य, वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश रस्तोगी तथा स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर सांसद जयप्रकाश रावत को ज्ञापन सौंपा।

नागरिकों ने बताया कि रौगाई फीडर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। जर्जर बिजली लाइनें, लो-वोल्टेज और बार-बार होने वाली कटौती के कारण भीषण गर्मी में लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि कई बार पूरे दिन में केवल तीन-चार घंटे ही बिजली मिल पाती है। इससे छोटे-छोटे बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, व्यापारियों का कारोबार प्रभावित है और किसानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद संबंधित कर्मचारी समय पर सुनवाई नहीं करते।

स्थानीय लोगों की बातें सुनकर सांसद जयप्रकाश रावत भावुक नजर आए। उन्होंने मंच से ही संबंधित विद्युत अधिकारियों को समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर बिजली उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रौगाई फीडर की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों को बदलने और बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। सांसद के इस आश्वासन के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और जल्द समाधान की उम्मीद जताई।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र चौहान, तहसीलदार संध्या यादव, अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह, पूर्व नगर अध्यक्ष आदर्श सिंह, नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता, नगर महामंत्री नीरज सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुबोध सिंह, मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सैफ खान, सोनू सिंह बखरिया, बिमलेश गुप्ता, अरुण गुप्ता, नगर पालिका के सभासद, प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read- Veena Manvi Statement: मेरा नामांकन रद्द नहीं हुआ, JJD उम्मीदवार वीना मानवी ने गिरफ्तारी को लेकर BJP पर लगाया गंभीर आरोप

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow