Pilibhit: पीलीभीत में नन्हे-मुन्नों ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा, शिवभक्ति में झूमे शिशु वाटिका के बच्चे

आर.एस.आर.डी. सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पूरनपुर की शिशु वाटिका के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों की भव्य एवं

By INA News Desk
Aug 18, 2026 - 19:30
18 Views
Pilibhit: पीलीभीत में नन्हे-मुन्नों ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा, शिवभक्ति में झूमे शिशु वाटिका के बच्चे

कुँवर निर्भय सिंह 
आईएनए पीलीभीत 

आर.एस.आर.डी. सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पूरनपुर की शिशु वाटिका के नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों की भव्य एवं भक्तिमय कांवड़ यात्रा का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कांवड़ यात्रा में कक्षा नर्सरी से कक्षा 2 तक के लगभग 350 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष  केशव कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता, प्रबंधक हर्ष कुमार गुप्ता, सह-प्रबंधक  अनुराग गुप्ता तथा कोषाध्यक्ष देवेश कुमार अग्रवाल द्वारा भगवान शिव एवं विभिन्न देवी-देवताओं के स्वरूपों का तिलक एवं पूजन कर किया गया। इसके पश्चात नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर कांवड़ यात्रा को रवाना किया गया।

कांवड़ यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर जेसीज स्कूल, रेलवे फाटक होते हुए पीलीभीत मार्ग पर हरी बाबू के प्लाट के सामने स्थित शिव मंदिर तक पहुँची। नन्हे-मुन्ने बच्चे हाथों में आकर्षक कांवड़ लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ यात्रा में आगे बढ़े। भक्ति गीतों एवं शिव जयकारों से यात्रा मार्ग भक्तिमय हो उठा। बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने सभी का मन मोह लिया।

शिव मंदिर पहुँचने के पश्चात बच्चों द्वारा भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों ने भगवान शिव का गंगाजल से जलाभिषेक किया तथा पुष्प एवं प्रसाद अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात आरती का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में बच्चों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के बीच श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बना रहा।

कांवड़ यात्रा के समापन के पश्चात सभी छात्र-छात्राओं को फल एवं प्रसाद का वितरण किया गया। बच्चों में प्रसाद प्राप्त करने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य  सौरभ वार्ष्णेय  एवं प्रबंधक  हर्ष कुमार गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा का समन्वय आवश्यक है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को अपनी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, श्रद्धा एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का संयोजन शिशु वाटिका प्रमुख  प्रभा प्रधान  ने किया। कांवड़ यात्रा की व्यवस्था में  हरीश चन्द्र , प्रदीप कुमार अग्निहोत्री  एवं शिशु वाटिका के समस्त आचार्यों का विशेष योगदान रहा। यात्रा को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया। बच्चों की सुरक्षा एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं पूरे मार्ग में उपस्थित रहे।

कांवड़ यात्रा के दौरान कोतवाली पूरनपुर के पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में विशेष सहयोग प्रदान किया गया। विद्यालय परिवार ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

विद्यालय के पदाधिकारियों, प्रधानाचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अभिभावकों, आचार्यों, कार्यकर्ताओं एवं पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की इस भव्य कांवड़ यात्रा ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, संस्कार और भारतीय संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरते हुए यह संदेश दिया कि बचपन से ही बच्चों को अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ना उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है।

Also Read- Tiranga Bike Rally Delhi: उपराष्ट्रपति ने दिखाई हरी झंडी, दिल्ली में एनडीए सांसदों ने निकाली भव्य तिरंगा बाइक रैली

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow