Amethi: सड़क निर्माण का वीडियो वायरल करना युवकों को पड़ा भारी, दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया।

Jun 12, 2026 - 15:59
57 Views
Amethi: सड़क निर्माण का वीडियो वायरल करना युवकों को पड़ा भारी, दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज
सड़क निर्माण का वीडियो वायरल करना युवकों को पड़ा भारी, दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अमेठी। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। ठेकेदार की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य आरोपों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा शाहगढ़ विकास खंड के अंतर्गत गुलाल का पुरवा से सरैया तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क के नवीनीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी दौरान सरैया निवासी अंशुमान यादव और विकास साहू ने निर्माणाधीन सड़क को उखाड़ते हुए उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वायरल वीडियो में सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया और विभागीय स्तर पर जांच-पड़ताल शुरू हुई। सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं ने भी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सरकार और विभाग पर सवाल खड़े किए। इससे स्थानीय स्तर पर मामला चर्चा का विषय बन गया।

सड़क निर्माण कार्य के ठेकेदार सुरेंद्र कुमार मिश्र ने आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने जानबूझकर निर्माणाधीन सड़क को नुकसान पहुंचाया और उसका वीडियो बनाकर वायरल किया, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। उनका कहना है कि सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का तापमान बिछाते समय लगभग 140 डिग्री सेल्सियस रहता है तथा सड़क को पूरी तरह स्थिर और मजबूत होने में कम से कम पांच दिन का समय लगता है। ऐसे में निर्माण प्रक्रिया के बीच सड़क को उखाड़कर उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाना तकनीकी तथ्यों की अनदेखी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना है।

इस संबंध में मुंशीगंज कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि ठेकेदार की तहरीर के आधार पर दोनों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो संबंधित युवकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read- Lucknow: देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है यह कीर्तिमान: मुख्यमंत्री

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow