Amethi: मतदाता सूची में गड़बड़ियों पर उठे सवाल, स्मृति ईरानी का नाम भी सूची से गायब

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद जिले में गड़बड़ियों के मामले सामने आने

Jun 12, 2026 - 16:13
 0  5
Amethi: मतदाता सूची में गड़बड़ियों पर उठे सवाल, स्मृति ईरानी का नाम भी सूची से गायब

अमेठी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद जिले में गड़बड़ियों के मामले सामने आने लगे हैं। कहीं बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं तो कहीं मृतकों के नाम अब भी दर्ज हैं। गौरीगंज ब्लॉक की मेदन मवई ग्राम पंचायत में पूर्व केंद्रीय मंत्री Smriti Irani का नाम मतदाता सूची में शामिल न होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

ग्राम पंचायत मेदन मवई के प्रधान प्रतिनिधि तीरथ राज मिश्रा ने बताया कि स्मृति ईरानी का नाम पंचायत मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक अभिलेख संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराए गए थे। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल द्वारा भी आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए थे, लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कई मृतक व्यक्तियों के नाम अब भी मतदाता सूची में दर्ज हैं। इनमें चंद्रभान सिंह, देवी बक्श, शिवमोहन, शिव बहादुर, मालती देवी, रामदुलारे, सुमन, राधा, राम कृपाल, रामपति और संतोष समेत अन्य नाम शामिल हैं। जबकि मृतकों के नाम हटाने के लिए आवश्यक दस्तावेज पहले ही जमा किए जा चुके हैं। उधर, शाहगढ़ विकासखंड की पनियार ग्राम पंचायत में भी 870 से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने का मामला सामने आया है। इन घटनाओं के बाद मतदाता सूची की शुद्धता और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

जांच के निर्देश

मामले पर गौरीगंज एसडीएम प्रीति तिवारी ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। दावा-आपत्ति प्रक्रिया के तहत पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे तथा मृतक मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।

16 लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे पंचायत सरकार

पंचायत चुनाव के लिए प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 16,16,891 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,34,064 पुरुष और 7,82,827 महिला मतदाता शामिल हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 51,237 अधिक है। आंकड़ों के अनुसार जगदीशपुर विकासखंड में सर्वाधिक 2,04,605 मतदाता हैं। इसके बाद सिंहपुर में 1,71,785 और जामो में 1,57,454 मतदाता दर्ज हैं। वहीं शाहगढ़ विकासखंड में सबसे कम 67,544 मतदाता हैं।

जिले की 682 ग्राम पंचायतों के लिए 934 मतदान केंद्र तथा 2,489 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी Jyoti Singh ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची संबंधित खंड विकास कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने मतदाताओं से सूची में दर्ज अपने नाम और विवरण का सत्यापन करने तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में संबंधित कार्यालय में संपर्क करने की अपील की है।

Also Read- मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर में जनकल्याण पर्व, युवाओं को कौशल व रोजगार से जोड़ने का अभियान शुरू : कपिल देव अग्रवाल

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।