मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर में जनकल्याण पर्व, युवाओं को कौशल व रोजगार से जोड़ने का अभियान शुरू : कपिल देव अग्रवाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून, 2026 तक प्रदेशभर में
- योगी सरकार के नेतृत्व में 5 से 21 जून तक चलेगा जनकल्याण पर्व, रोजगार मेले और कौशल कार्यक्रमों से लाभान्वित होंगे युवा : कपिल देव अग्रवाल
- कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगा नया आयाम, जनकल्याण पर्व के तहत प्रदेशभर में होंगे विशेष आयोजन : कपिल देव अग्रवाल
- केंद्र और योगी सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगा जनकल्याण पर्व, प्रदेशभर में तिथि-वार कार्यक्रम निर्धारित
- युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने का बड़ा अभियान, जनकल्याण पर्व में आयोजित होंगे मंडलीय रोजगार मेले और कौशल प्रदर्शनियां : कपिल देव अग्रवाल
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 से 21 जून, 2026 तक प्रदेशभर में व्यापक जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार इस अभियान को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए युवाओं, विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं और उद्यमियों को कौशल, रोजगार तथा स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य करेगी।
प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), प्रशिक्षण प्रदाता संस्थाओं तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाइयों के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तिथि-वार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में रोजगार मेले, कौशल प्रदर्शनियां, संवाद कार्यक्रम, उद्यमिता संगोष्ठियां, स्वच्छता जागरूकता अभियान, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं तथा उद्योगों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रमुख रूप से आयोजित होंगे।
06 जून को बस्ती एवं अयोध्या में व्यावसायिक शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण आधारित प्रतियोगिताओं एवं संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 08 जून को अमरोहा, गोरखपुर और हापुड़ सहित विभिन्न जनपदों में कौशल एवं उद्यमिता विषयक संगोष्ठियां आयोजित हुईं। 09 जून को सहारनपुर, गौतमबुद्ध नगर, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बरेली, आजमगढ़ तथा बहराइच में कौशल प्रदर्शनियों एवं संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
11 जून को बुलन्दशहर और मुरादाबाद में कौशल प्रशिक्षण से संबंधित प्रदर्शनियां एवं संगोष्ठियां आयोजित होंगी, जबकि 12 जून को आगरा, एटा, देवरिया, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर सहित कई जनपदों में कौशल विकास मिशन के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। इसी दिन देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर बृहद मंडलीय रोजगार मेले का आयोजन भी प्रस्तावित है।
15 जून को शामली, मथुरा, हाथरस, बिजनौर और मऊ में शिक्षुता प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा उद्यमिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। 16 जून को गाजियाबाद, पीलीभीत और महाराजगंज में कौशल प्रदर्शनियों एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 17 जून को मेरठ मंडल मुख्यालय पर बृहद मंडलीय रोजगार मेला आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
18 जून को मैनपुरी में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता आधारित संगोष्ठी, 19 जून को मुजफ्फरनगर, सम्भल, बदायूं और संत कबीर नगर में कौशल एवं उद्यमिता कार्यक्रम तथा 20 जून को कासगंज, कुशीनगर, श्रावस्ती सहित विभिन्न जनपदों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार ने कौशल विकास को रोजगार और आत्मनिर्भरता का सबसे सशक्त माध्यम बनाया है। प्रदेश में लाखों युवाओं को प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जनकल्याण पर्व के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ युवाओं को नए अवसरों से भी जोड़ा जाएगा।
सभी जिला समन्वयकों, प्रशिक्षण संस्थानों और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करते हुए अधिकतम जनसहभागिता प्राप्त की जाए, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
Also Read- मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का पलड़ा भारी, संख्या बल के सामने विपक्ष पस्त
What's Your Reaction?




