Prayagraj Pediatric Hospital: प्रयागराज बाल अस्पताल निर्माण में धांधली पर बड़ी कार्रवाई, कंपनी ब्लैक लिस्ट व 55 लाख जब्त
प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में बाल चिकित्सालय निर्माण में देरी पर यूपी सिडको का कड़ा एक्शन। ठेकेदार फर्म ब्लैक लिस्ट, 55 लाख की गारंटी जब्त।
प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय परिसर में बन रहे बाल चिकित्सालय के निर्माण में देरी और अनियमितताओं को लेकर शासन ने सख्त कदम उठाया है। यूपी सिडको ने निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार संस्थान आरसीबी इन्फ्राकॉन्स का अनुबंध तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया है। जनस्वास्थ्य से जुड़ी इस अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना को तय समय पर पूरा न करने और कार्यों में लगातार बरती जा रही ढिलाई के चलते यह कठोर कार्रवाई की गई है।
यूपी सिडको के प्रबंध निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि कंपनी ने पंजीयन के समय फर्जी कागजात प्रस्तुत किए थे और निदेशक के खिलाफ चल रहे आपराधिक मुकदमों की जानकारी छिपाई थी। इस धोखाधड़ी के आधार पर फर्म को पांच वर्षों के लिए काली सूची में डाल दिया गया है। इसके अलावा, परियोजना के दूसरे चरण का ठेका निरस्त करते हुए संस्था द्वारा जमा की गई 55 लाख रुपये की सुरक्षा जमा राशि और निष्पादन गारंटी जब्त कर ली गई है। ठेकेदार को दिए गए अग्रिम भुगतान की वसूली के आदेश भी जारी किए गए हैं।
इस मामले में केवल कार्यदायी संस्था ही नहीं, बल्कि विभागीय लापरवाही पर भी गाज गिरी है। गलत निविदा प्रक्रिया और अपात्र फर्म को भुगतान करने के आरोपी अभियंताओं के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। मुख्यालय के मुख्य अभियंता केजी दुबे से पंजीकरण व नवीनीकरण की जिम्मेदारियां छीन ली गई हैं, जबकि सेवानिवृत्त अधिकारियों पर भी विधिक कार्रवाई की तैयारी है। अस्पताल के अधूरे निर्माण को अब निगम द्वारा डीसीयू प्रणाली से समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा, जिसके लिए नए मुख्य अभियंता अरविंद कुमार निर्मल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
What's Your Reaction?



