Saharanpur News: रक्षाबंधन पर दून वैली की छात्राओं ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बांधा रक्षासूत्र, स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
देवबंद में दून वैली पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने डीएम, एसपी ट्रैफिक और एसडीएम को राखी बांधी। विद्यालय परिसर में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में देवबंद स्थित द दून वैली पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के बीच पहुंचकर उन्हें रक्षासूत्र बांधा। छात्राओं ने सहारनपुर के जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, पुलिस अधीक्षक (यातायात) शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी विजय प्रताप और पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के कार्यालय पहुंचकर उनकी कलाई पर स्नेह की राखी बांधी।
इसके साथ ही विद्यालय परिसर में पहुंचे नगर पालिका देवबंद के अधिशासी अधिकारी का भी स्वागत कर उन्हें रक्षासूत्र बांधा गया। इस दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखा गया। अधिकारियों ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए हर परिस्थिति में एक भाई की तरह सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इधर विद्यालय परिसर में भी रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने सहपाठियों को राखी बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर, मानवीय मूल्यों और सामाजिक सौहार्द से जोड़ना था। समारोह में प्राथमिक कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने रक्षाबंधन के महत्व पर आधारित कविताएं, प्रेरणादायी भाषण, समूह गान और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित शिक्षकों व दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता और प्रधानाचार्या सीमा शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है। उन्होंने बच्चों को समाज में सकारात्मक योगदान देने और भारतीय परंपराओं के प्रति निष्ठावान रहने के लिए प्रेरित किया।
Also Click : Modi 3.0 Cabinet Reshuffle: मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल की तैयारी, नए और युवा चेहरों को मिल सकता है मौका
What's Your Reaction?







