Saharanpur News: रक्षाबंधन पर बालिका गृह पहुंचे डीएम अरविंद कुमार चौहान, छात्राओं से बंधवाया रक्षासूत्र और बांटे उपहार
सहारनपुर में रक्षाबंधन के अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बालिका गृह पहुंचकर बच्चों से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार देकर बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सहारनपुर में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान जनता रोड स्थित पुष्पांजलि विहार के बालिका गृह पहुंचे। वहां उन्होंने आवासित बालिकाओं से राखी बंधवाई और उन्हें उपहार देकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उनसे सीधे बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और स्वास्थ्य का हाल जाना।
जिलाधिकारी ने परिसर में रहन-सहन, खान-पान, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं से उनकी जरूरतों और समस्याओं के बारे में पूछा तथा उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर चिकित्सा सुविधा और अनुकूल शैक्षिक माहौल हर समय उपलब्ध कराया जाए।
बालिकाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि हर बच्चे की सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों को पूरी लगन के साथ पढ़ाई करने और जीवन में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करने की सीख दी।
इस अवसर पर बालिकाओं में रक्षाबंधन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह और सदर उप जिलाधिकारी सुबोध कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि बाल गृह की देखरेख में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए और सभी जरूरी सुविधाएं लगातार दुरुस्त रखी जाएं।
What's Your Reaction?







