Saharanpur: आसपा नेता पर जानलेवा हमले का आरोपी मुठभेड़ में घायल, मंडी पुलिस ने तमंचा और चोरी की बाइक की बरामद
जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे 'जीरो टॉलरेंस' अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस को
सहारनपुर: जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे 'जीरो टॉलरेंस' अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। शनिवार देर रात हुई एक मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) के महानगर महामंत्री हाजी अल बक़श पर हुए जानलेवा हमले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी साकिब अहमद को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर थाना मंडी प्रभारी विरेंद्र सिंह राणा पुलिस टीम के साथ शक्लापुरी रोड स्थित शराब के ठेके के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि थाना मंडी पर पंजीकृत हत्या के प्रयास के मुकदमे का वांछित आरोपी शक्लापुरी की तरफ से बाइक पर आ रहा है और किसी नई वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई और घेराबंदी शुरू कर दी।
जैसे ही बाइक सवार आरोपी पास पहुंचा, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन खुद को घिरता देख बदमाश ने बाइक मोड़ ली और शक्लापुरी की तरफ कच्चे रास्ते पर तेज रफ्तार में भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया, जिससे कुछ दूरी पर जाकर बदमाश की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल कर गिर गई। खुद को पुलिस से घिरा पाकर शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से सीधी फायरिंग झोंक दी।
पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया। पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान साकिब अहमद पुत्र असलूब अहमद (निवासी निसार रोड, रायवाला, थाना मंडी, मूल निवासी आसिफनगर, हैदराबाद) के रूप में हुई। आरोपी थाना मंडी पर दर्ज मु0अ0सं0 432/2026 धारा 109(1)/61(2) बीएनएस (हत्या का प्रयास) के मुकदमे में वांछित चल रहा था।
तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस और 01 काले रंग की स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई। गहन जांच में सामने आया कि बरामद बाइक भी थाना मंडी पर पंजीकृत चोरी के मुकदमे (मु0अ0सं0 340/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस) से संबंधित है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम (CO City-1) रविकांत पराशर ने बताया कि थाना मंडी पुलिस की सतर्कता से हत्या के प्रयास में वांछित शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Also Read- Nepal Flood Ground Report: पानी कम होने के बाद तबाही का खौफनाक मंजर, उजड़े आशियाने और अपनों की तलाश
What's Your Reaction?







