Sambhal News: सम्भल में जनगणना-2027 की तैयारी तेज! 40 सवालों से जुटेगी परिवारों की जानकारी, 31 अक्टूबर तक चलेगी ट्रेनिंग; लोग खुद भी कर सकेंगे स्व-गणना
जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों को
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों को जनगणना की प्रक्रिया, सवालों और डाटा भरने के तरीके की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान बताया जा रहा है कि किस तरह लोगों की जानकारी दर्ज करनी है और स्वगणना के माध्यम से आम नागरिक खुद अपना विवरण भर सकते हैं।
प्रशिक्षण से जुड़े नरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण के अंतर्गत व्यक्तियों की गणना की प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें कुल 40 प्रश्न शामिल हैं, जिनके बारे में एक-एक करके विस्तार से समझाया जा रहा है। प्रशिक्षण 26, 27 और 28 अक्टूबर को पहले बैच में तथा 29, 30 और 31 अक्टूबर को दूसरे चरण में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इस दौरान लोग खुद अपनी जानकारी भर सकेंगे। स्वगणना पूरी होने पर एक आईडी प्राप्त होगी, जिसके माध्यम से प्रगणक संबंधित परिवार का विवरण आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे प्रगणकों का काम सरल होगा और समय की बचत भी होगी। यदि जानकारी भरने में कोई गलती हो जाती है, तो उसे हटाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। वहीं, प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं के संबंध में राजीव कुमार ने बताया कि इंटर कॉलेज में पांच कमरों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक कमरे में 45 प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था है। इस तरह कुल 225 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए 10 सब-सेंटर भी निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नगरपालिका की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, फॉगिंग, एलईडी और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराई गई है। अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी भी लगातार व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया में दक्ष बनाने के साथ आम लोगों को स्वगणना के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि नागरिक अपनी जानकारी स्वयं भरकर जनगणना कार्य को आसान बनाने में सहयोग कर सकें।
What's Your Reaction?

