Sambhal : तरबूज के छिलकों से शुरू हुआ विवाद, ईंट लगने से मां की मौत; गांव में पसरा मातम
एक ईंट महिला के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पीड़ि
Report : उवैस दानिश, सम्भल
चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव मई में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। प्लॉट में तरबूज के छिलके डालने को लेकर हुए विवाद में दबंगों द्वारा किए गए पथराव में एक महिला की जान चली गई, जबकि उसकी बेटी घायल हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार एक युवती अपने घर के पास स्थित प्लॉट में तरबूज के छिलके डाल रही थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले लोगों ने आपत्ति जताई और विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने छत से युवती पर पत्थर और ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं। पथराव में युवती घायल हो गई। बेटी को बचाने और बीच-बचाव करने के लिए उसकी मां मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि उन्होंने महिला पर भी जमकर ईंट-पत्थर बरसाए।
इसी दौरान एक ईंट महिला के सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एक मामूली विवाद में महिला की मौत से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
What's Your Reaction?




