Sambhal : 403 सीटों पर चुनावी हुंकार, सम्भल की सभी विधानसभा सीटों पर उतरेगी आजाद समाज पार्टी
चंदौसी विधानसभा सीट से तीन, सम्भल से दो और असमोली विधानसभा सीट से दो दावेदारों ने आवेदन किया है। वहीं गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से भी जल्द आवेदन आने की उम्मीद जताई गई है
Report : उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। सम्भल जिले में भी पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में जुटी है। जिलाध्यक्ष शहजाद खान ने बताया कि प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू भी लिए जा रहे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाल ही में लखनऊ में पांच दिनों तक विभिन्न जिलों से आए संभावित उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए। इस प्रक्रिया में सम्भल जिले के दावेदार भी शामिल हुए। जिलाध्यक्ष शहजाद खान ने बताया कि सम्भल जिले की लगभग सभी विधानसभा सीटों पर पार्टी को आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। चंदौसी विधानसभा सीट से तीन, सम्भल से दो और असमोली विधानसभा सीट से दो दावेदारों ने आवेदन किया है। वहीं गुन्नौर विधानसभा क्षेत्र से भी जल्द आवेदन आने की उम्मीद जताई गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की तैयारियां बूथ स्तर तक चल रही हैं और संगठन को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहजाद खान के मुताबिक आजाद समाज पार्टी का लक्ष्य प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ना है। उन्होंने दावा किया कि सम्भल जिले की हर विधानसभा सीट पर दो से तीन मजबूत दावेदार मौजूद हैं। हालांकि अंतिम उम्मीदवारों का चयन राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद द्वारा किया जाएगा। पार्टी का यह दावा आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?




