Sambhal News: सम्भल में जापानी हेल्थ सप्लीमेंट लॉन्च, ₹2,980 में मिलेगा यरूशलम आर्टिचोक पाउडर, रोजगार और खेती को लेकर भी बड़ा प्लान
32 साल बाद भारत लौटे आसिफ अली खान का दावा- जापान से सम्भल तक पहुंचेगा प्रोडक्ट, भविष्य में स्थानीय स्तर पर खेती और उत्पादन की तैयारी
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: जापान में तैयार होने वाले हेल्थ सप्लीमेंट को अब सम्भल में लॉन्च किया गया है। डायरेक्टर आसिफ अली खान ने यरूशलम आर्टिचोक नामक सब्जी से तैयार पाउडर को बाजार में उतारते हुए इसे संभल से पूरे देश तक पहुंचाने का विजन साझा किया। उन्होंने डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, दिल की बीमारी और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं में इसके फायदेमंद होने का दावा किया। हालांकि, इन स्वास्थ्य संबंधी दावों की स्वतंत्र वैज्ञानिक पुष्टि और क्लीनिकल ट्रायल के दस्तावेज सामने नहीं आए।
आसिफ अली खान ने बताया कि वह पिछले 32 साल से जापान में रह रहे थे। करीब ढाई साल पहले उन्होंने इस प्रोडक्ट पर रिसर्च और इसकी कमियों को दूर करने की प्रक्रिया शुरू की थी। अब इसे सम्भल में लॉन्च किया गया है। कार्यक्रम में जापान के नागोया क्षेत्र से आए नकायामा शिगेओ भी मौजूद रहे, जिनके मुताबिक इस प्रोडक्ट का उत्पादन जापान में किया जाता है और दूसरे देशों में भी सप्लाई होती है। आसिफ अली खान के मुताबिक, जापान में यह प्रोडक्ट करीब 12 हजार रुपये में बिकता है, जबकि भारत में इसकी कीमत 2,980 रुपये रखी गई है। उन्होंने बताया कि जापान से उत्पाद लाने पर करीब 65 प्रतिशत कस्टम ड्यूटी लगने के कारण इसकी कीमत बढ़ सकती है। इसी वजह से इसे कम लागत में भारतीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। डायरेक्टर ने बताया कि शुरुआत में पाउडर लॉन्च किया गया है। भविष्य में इसकी टैबलेट और ड्रिंक भी बाजार में लाने की योजना है। जिला और राज्य स्तर पर डिस्ट्रीब्यूटरशिप के जरिए इसे पूरे भारत में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सम्भल में यरूशलम आर्टिचोक की खेती और स्थानीय उत्पादन शुरू करने की इच्छा भी जताई। उनके अनुसार, इससे क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं और स्थानीय स्तर पर उत्पादन होने से आयात पर निर्भरता भी कम हो सकती है। हालांकि, प्रोडक्ट की बिक्री, रोजगार, स्थानीय खेती और स्वास्थ्य लाभों से जुड़े दावे फिलहाल कंपनी के डायरेक्टर के बयानों पर आधारित हैं। डायबिटीज, ब्लड प्रेशर या दिल की बीमारी के मरीज इसे डॉक्टर की निर्धारित दवाओं का विकल्प न मानें।
What's Your Reaction?