Sambhal News: चंद्रशेखर आजाद के सम्भल दौरे पर सपा नेत्री का बड़ा दावा, बोलीं- भीड़ से वोट नहीं मिलते, चंदौसी में सपा की होगी जीत!

सम्भल में चंद्रशेखर आजाद के आगमन और चंदौसी की सियासत को लेकर समाजवादी पार्टी की नेत्री विमलेश कुमारी ने बड़ा बयान

By INA News Desk
Sep 29, 2026 - 17:31
10 Views
Sambhal News: चंद्रशेखर आजाद के सम्भल दौरे पर सपा नेत्री का बड़ा दावा, बोलीं- भीड़ से वोट नहीं मिलते, चंदौसी में सपा की होगी जीत!
विमलेश कुमारी, सपा नेत्री

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल में चंद्रशेखर आजाद के आगमन और चंदौसी की सियासत को लेकर समाजवादी पार्टी की नेत्री विमलेश कुमारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद की सभा में उमड़ी भीड़ को लेकर कहा कि किसी नेता को देखने के लिए लोगों का पहुंचना अलग बात है, लेकिन भीड़ का वोट में तब्दील होना निश्चित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि चंदौसी विधानसभा सीट पर इस बार समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी।

विमलेश कुमारी ने कहा कि 15 नवंबर को आगरा में समाजवादी पार्टी के बैनर तले दलित समाज का विशाल सम्मेलन प्रस्तावित है। इसी सम्मेलन के प्रचार-प्रसार के लिए राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन सम्भल पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद का विभिन्न जनपदों में जाने का कार्यक्रम पहले से निर्धारित है।

  • चंद्रशेखर के दौरे पर बोलीं– सुरक्षित सीट पर पैर जमाने की कोशिश

चंदौसी में चंद्रशेखर आजाद के आगमन को लेकर विमलेश कुमारी ने कहा कि वह विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। चंदौसी सुरक्षित सीट है और यहां दलित समाज की बड़ी आबादी है, इसलिए उनका यहां आना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद को देखने के लिए युवा वर्ग पहुंच सकता है और युवाओं में उनका कुछ क्रेज भी है, लेकिन सभा में उमड़ी भीड़ वोट में बदल जाएगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है।

  • दलित और पिछड़े समाज को लेकर सत्ता पक्ष पर निशाना

सपा नेत्री ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष हिंदू के नाम पर दलित और पिछड़े वर्ग का वोट हासिल करता है, लेकिन शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों पर इन वर्गों के अधिकारों की अनदेखी करता है। उन्होंने दावा किया कि बहुजन समाज में राजनीतिक जागरूकता बढ़ रही है और संविधान बचाने के अभियान से दलित समाज के लोग तेजी से जुड़ रहे हैं। विमलेश कुमारी ने कहा कि अब समाजवादी पार्टी के लाल रंग के साथ नीला रंग भी जुड़ रहा है, जिससे बहुजन समाज की भागीदारी बढ़ रही है।

  • चंदौसी में जीत का दावा, जाटव समाज से की अपील

चंदौसी विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ चुकीं विमलेश कुमारी ने कहा कि चंदौसी में जाटव समाज की संख्या अधिक है और वह अपने समाज के लोगों से समाजवादी पार्टी के साथ आने की अपील कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार बहुजन समाज अपना वोट बंटने नहीं देगा और चंदौसी विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी जीत हासिल करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके अनुसार वर्तमान में सत्ता पक्ष से मजबूती से लड़ने की क्षमता समाजवादी पार्टी के पास है।

Also Click : UP News: यूपी में भूजल संरक्षण की बड़ी पहल! कानपुर-प्रयागराज के बीच मिली 200 KM लंबी भूमिगत प्राचीन नदी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow