UP Politics: सम्भल में चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान: मायावती से गठबंधन की इच्छा जताई, बोले- फैसला जनता के बीच जाकर करेंगे

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को सम्भल में पत्रकार वार्ता के दौरान 2027 विधानसभा

By INA News Desk
Sep 29, 2026 - 15:39
22 Views
UP Politics: सम्भल में चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान: मायावती से गठबंधन की इच्छा जताई, बोले- फैसला जनता के बीच जाकर करेंगे

उवैस दानिश, सम्भल

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को सम्भल में पत्रकार वार्ता के दौरान 2027 विधानसभा चुनाव, मायावती से गठबंधन, विपक्ष की एकजुटता और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को लेकर कई बड़े बयान दिए। महमूद खा सराय स्थित शहजाद खा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जनता के बीच जाकर अपनी ताकत बढ़ा रही है और कमजोर, दलित, पिछड़े तथा वंचित समाज की आवाज बनेगी।

  • मायावती से गठबंधन पर बोले- हमारी इच्छा साथ काम करने की, लेकिन एक हाथ से ताली नहीं बजती

बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा आजाद समाज पार्टी पर भाजपा की बी-टीम होने के आरोप को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनकी इच्छा है कि बहन मायावती और उनकी पार्टी मिलकर काम करें। उन्होंने दावा किया कि समाज के पढ़े-लिखे बुद्धिजीवी, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और पीड़ित वर्ग के लोग भी दोनों को साथ देखना चाहते हैं।

  • 87 विधानसभा प्रभारियों की घोषणा, अगली सूची जल्द

चंद्रशेखर ने कहा कि उन्होंने अपनी तरफ से गठबंधन के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने सवाल उठाया कि ईवीएम और चुनावी धांधली का मुद्दा चुनाव के करीब आने पर ही क्यों उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह बैलेट पेपर से चुनाव कराने के पक्षधर हैं और चुनावी प्रक्रिया की जांच के लिए तैयार हैं। चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश में करीब 87 विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की है। इनके जरिए बूथ सम्मेलन और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह में उम्मीदवारों और प्रभारियों से जुड़ी एक और सूची जारी की जाएगी। उन्होंने गठबंधन को लेकर कहा कि उनकी पार्टी किसी के दरवाजे पर गठबंधन मांगने नहीं जा रही, बल्कि जनता के बीच मेहनत कर रही है। जनता का आशीर्वाद जिसके साथ होगा, उसे किसी दूसरे के दरवाजे पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

  • भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक और कानून व्यवस्था को लेकर हमला

चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, किसानों की समस्याओं, अस्पतालों की सुविधाओं और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में नौजवान रोजगार के लिए परेशान हैं और किसानों को उनकी फसलों का नुकसान झेलना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता 2027 में बदलाव चाहती है। विपक्षी दलों को भाजपा के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ने की जरूरत है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि आपसी मतभेदों के चलते भाजपा को चुनौती देने में एकजुटता नहीं दिखाई जा रही है।

  • मुल्ला अफरोज पर NSA रद्द होने के मामले में 10 लाख का जुर्माना कम बताया

सम्भल हिंसा मामले में मुल्ला अफरोज पर लगाई गई एनएसए को सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द किए जाने और उत्तर प्रदेश सरकार पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने के सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनके हिसाब से जुर्माना कम है। उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को जेल भेजे जाने के मामलों में इससे ज्यादा जुर्माना लगाया जाना चाहिए। उन्होंने अपने ऊपर भी एनएसए लगाए जाने और 16 महीने जेल में रहने का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार मुकदमों और एनएसए के जरिए विरोध की आवाज दबाना चाहती है। पत्रकार वार्ता के बाद चंद्रशेखर आजाद चन्दौसी में आयोजित जनसभा के लिए रवाना हो गए।

Also Read- UP Politics: पूर्व सांसद अमीर आलम और नवाज़िश खान कांग्रेस में शामिल, यूपी में संगठन मजबूत करने की कवायद तेज

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow