Sambhal : थाने के सामने रील बनाना बारातियों को पड़ा मंहगा, पुलिस ने पांच गिरफ्तार कर कराई सार्वजनिक माफी
हयातनगर थाने के सामने एक शादी समारोह के दौरान बारात में शामिल कुछ युवक थाने के गेट के बिल्कुल सामने रोड पर खड़े होकर तेज आवाज में डीजे की धुन पर जमकर डांस करने
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जनपद में सोशल मीडिया के लिए रील बनाना बारातियों को भारी पड़ गया। घटना लगभग एक साल पुरानी बताई जा रही है, लेकिन वीडियो के वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। हयातनगर थाना क्षेत्र के थाने के गेट के सामने बारातियों द्वारा डांस करते हुए बनाई गई रील के वायरल होने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आठ बारातियों के खिलाफ केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए युवकों से सार्वजनिक माफी भी मंगवाई गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हयातनगर थाने के सामने एक शादी समारोह के दौरान बारात में शामिल कुछ युवक थाने के गेट के बिल्कुल सामने रोड पर खड़े होकर तेज आवाज में डीजे की धुन पर जमकर डांस करने लगे। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया रील के रूप में तैयार की। उस समय यह वीडियो चर्चा में नहीं आया, लेकिन हाल ही में किसी व्यक्ति ने इस डांस वीडियो को एडिट कर उसमें गानों का बैकग्राउंड मिक्स किया और वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया। सम्भल के एसपी ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए।
पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आठ युवकों की पहचान की, जो सभी हयातनगर कस्बे के ही निवासी बताए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई। पुलिस के अनुसार, इन युवकों पर रोड पर ट्रैफिक बाधित करने, पुलिस की छवि धूमिल करने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने का आरोप है। मामले में धारा 163 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाने के सामने इस तरह का कृत्य बेहद गंभीर है और इससे कानून-व्यवस्था की छवि खराब होती है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने युवकों के माफी मांगते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर जारी किया, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की हरकत न करे। पांचों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई है और भविष्य में वे इस तरह का कृत्य नहीं करेंगे। पुलिस का कहना है कि अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Also Click : Hardoi : हरदोई में पुलिस लाइन सभागार में हुई समीक्षा बैठक, एसपी ने दिशा-निर्देश दिए
What's Your Reaction?









