Sambhal : ममलूकुर्रहमान बर्क का सम्भल में सौहार्द पर खतरे का दावा, ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर सियासी टकराव
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिवंगत सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के पुत्र और वर्तमान सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलुकुर्रहमान बर्क ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें ज्ञापन की जानकारी बाद में मिली, लेकिन इ
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में प्रस्तावित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर सियासत तेज़ हो गई है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को डिप्टी कलेक्टर नीतू रानी को ज्ञापन सौंपते हुए फिल्म के निर्माण और संभावित रिलीज़ पर आपत्ति दर्ज कराई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि फिल्म की कहानी समाज के दो वर्गों के बीच तनाव बढ़ा सकती है और इससे सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचेगा।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए दिवंगत सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के पुत्र और वर्तमान सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलुकुर्रहमान बर्क ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि उन्हें ज्ञापन की जानकारी बाद में मिली, लेकिन इस तरह की फिल्म के निर्माण की अनुमति पर उन्होंने आश्चर्य जताया। उनका कहना था कि ऐसी फिल्मों का उद्देश्य समाज में नफरत फैलाना, हिंदू-मुस्लिम और यादव-मुस्लिम समुदायों को आमने-सामने खड़ा करना और माहौल को बिगाड़ना होता है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हाल के दिनों में ‘भाईजान’ और ‘अब्बाजान’ जैसे मुद्दों पर भी उन्होंने बयान दिया था और कहा था कि ऐसे विवाद केवल शांति-सौहार्द को नुकसान पहुंचाते हैं। बर्क ने प्रशासन से अपील की कि सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर सख्ती से विचार किया जाए। उधर, समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि फिल्म की स्क्रिप्ट और अनुमति प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच हो, ताकि किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत न हों। प्रशासन का कहना है कि ज्ञापन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?











