Sambhal News: 40 सवालों के जवाब देकर बर्क ने कराया सेल्फ एन्यूमरेशन, जातिगत जनगणना पर भी उठाई आवाज
जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक चल रही सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया में समाजवादी पार्टी के सांसद
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर तक चल रही सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी अपने परिवार के साथ स्वगणना की। इस दौरान सम्भल के एसडीएम विकास चंद्र भी मौजूद रहे। सांसद ने ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए परिवार के सदस्यों की जानकारी और पूछे गए 40 सवालों के जवाब दर्ज किए।
इस मौके पर सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने जातिगत जनगणना को बेहद जरूरी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और विपक्षी दल लगातार जातिगत गणना की मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े सामने आने से ही यह पता चल सकेगा कि किस वर्ग की कितनी आबादी है और आने वाले समय में किसे कितना हक और अधिकार मिलना चाहिए। बर्क ने कहा कि संसद में जब जातिगत जनगणना की मांग उठाई गई थी, तब गृह मंत्री अमित शाह ने भी जनगणना में जाति गणना का विकल्प होने की बात कही थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि सेल्फ एन्यूमरेशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी सही जानकारी दर्ज करें, ताकि आंकड़ों के आधार पर जनता को उसका अधिकार दिलाने की कोशिश की जा सके। वहीं एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि 16 से 30 नवंबर तक नागरिक वेबसाइट sc.census.gov.in पर जाकर खुद अपनी स्वगणना कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाली सेल्फ आईडी प्रगणक के आने पर उन्हें देनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वगणना के लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं है। सभी जानकारियां स्वघोषणा के आधार पर दर्ज की जाएंगी। 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर आगे की जनगणना प्रक्रिया पूरी करेंगे। प्रशासन ने जनपद के लोगों से समय रहते स्वगणना पूरी करने की अपील की है।
What's Your Reaction?

