Hardoi News: जनगणना-2027 के लिए स्कूलों से गांव तक मुहिम तेज! SMC बैठकों में अभिभावकों को बताया स्वगणना का तरीका
जनगणना-2027 के सफल संचालन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनपद में जागरूकता अभियान
हरदोई। जनगणना-2027 के सफल संचालन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनपद में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिषदीय विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति (SMC) की बैठकों के माध्यम से अभिभावकों, समिति सदस्यों और ग्रामीणों को जनगणना के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को स्वगणना (Self Enumeration) के प्रति जागरूक करते हुए स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के अंतर्गत विकासखंड टोडरपुर के प्राथमिक विद्यालय चंदपुर एवं प्राथमिक विद्यालय पांडेयतारा, कछौना के प्राथमिक विद्यालय सुठेना, माधोगंज के कंपोजिट विद्यालय रुकनापुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सदारियापुर, सांडी के उच्च प्राथमिक विद्यालय बघराई तथा टड़ियावां के उच्च प्राथमिक विद्यालय बन्दरहिया में SMC बैठकों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त प्राथमिक विद्यालय अण्टवा में SMC बैठक के साथ आंगनबाड़ी केंद्र पर टीकाकरण के लिए पहुंचे अभिभावकों को भी जनगणना-2027 के प्रति जागरूक किया गया। शिक्षकों ने ग्रामीणों एवं अभिभावकों को जनगणना के उद्देश्य, महत्व और प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
स्वगणना की प्रक्रिया समझाकर किया प्रेरित
जागरूकता कार्यक्रमों में विशेष रूप से स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा पर जोर दिया गया। लोगों को बताया गया कि डिजिटल माध्यम से वे स्वयं और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। साथ ही सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने और अपने आसपास के लोगों को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

BSA बोले- जनगणना में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र ने कहा कि जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। परिषदीय विद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी के भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। शिक्षक एवं विद्यालय प्रबंध समितियां अभिभावकों तथा ग्रामीण समुदाय तक सही जानकारी पहुंचाकर इस राष्ट्रीय कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।
उन्होंने सभी विद्यालयों से जनगणना एवं स्वगणना के प्रति अधिकाधिक लोगों को जागरूक करने की अपेक्षा की। साथ ही अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवारों के प्रयासों की सराहना करते हुए जनपद के अन्य विद्यालयों से भी इस प्रकार की गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया। विद्यालयों के माध्यम से समुदाय तक पहुंच रहा यह जागरूकता अभियान जनगणना-2027 में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
Also Click : सरहद पार से सात फेरों तक: सीमाएं बंद होने के बाद खाड़ी देशों के रास्ते भारत पहुंचीं 150 पाकिस्तानी दुल्हनें
What's Your Reaction?

