Hardoi News: जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त, स्व-गणना के व्यापक प्रचार और शत-प्रतिशत सहभागिता के दिए निर्देश
जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में
Hardoi: जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को जनगणना–2027 की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी स्व-गणना कार्यक्रम को सफल बनाने, व्यापक जनजागरूकता एवं अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि इस 15 दिवसीय अवधि में जनपद के अधिकाधिक निवासी स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें, इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक चार्ज में स्व-गणना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जनजागरूकता बैठकें आयोजित करें तथा स्व-गणना के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता दें। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग के अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत स्व-गणना सुनिश्चित कराएं। इसके साथ ही प्रत्येक चार्ज अधिकारी अपने चार्ज के अंतर्गत आने वाले कार्मिकों की स्व-गणना पूर्ण कराने तथा आमजन को इस प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। अतः सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय एवं सक्रिय सहभागिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करें तथा स्व-गणना अभियान को जनपद में व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं।
जनगणना–2027 की महत्वपूर्ण समय-सारिणी
· 16 से 30 नवंबर 2026: स्व-गणना (Self Enumeration)
· 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027: घर-घर जाकर जनसंख्या गणना
· 5 से 9 जनवरी 2027: पुनरीक्षण चरण (Revisional Round)
स्व-गणना के लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर ऑनलाइन जानकारी दर्ज की जा सकती है। बैठक में अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी/ मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/ जिला जनगणना अधिकारी दीपाली भार्गव, सभी चार्ज अधिकारी, सम्बन्धित विभागों के विभागाध्यक्ष तथा सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।
हमारी जनगणना, हमारा विकास।
Also Read- Special Article: देश का नया संकल्प -हम करके रहेंगे
What's Your Reaction?

