UP Elections 2027: 2027 में भाजपा को हराने का संकल्प, संजीव आर्य ने ‘बी टीम’ से सावधान रहने की अपील की

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम जोन प्रभारी संजीव आर्य ने प्रेस वार्ता में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर

By INA News Desk
Sep 3, 2026 - 12:23
39 Views
UP Elections 2027: 2027 में भाजपा को हराने का संकल्प, संजीव आर्य ने ‘बी टीम’ से सावधान रहने की अपील की
संजीव आर्य, राष्ट्रीय सचिव/पश्चिम जोन प्रभारी कांग्रेस
Advertisement
Advertisement

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल: कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पश्चिम जोन प्रभारी संजीव आर्य ने प्रेस वार्ता में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मुस्लिम प्रत्याशियों के जरिए कथित वोटों के बंटवारे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समय आने पर प्रत्याशियों की सूचियां सामने आएंगी और तब जनता खुद तय कर सकेगी कि कौन किसके लिए काम कर रहा है। आर्य ने ऐसी ताकतों से सावधान रहने की अपील की, जिन पर उन्होंने भाजपा की “बी टीम” के रूप में काम करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस में लगातार जॉइनिंग का दावा

कांग्रेस में शामिल हुए नेताओं को लेकर आर्य ने कहा कि पार्टी में आने वाले हर व्यक्ति का स्वागत है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस में कई बड़ी जॉइनिंग देखने को मिलेंगी। उनका कहना था कि 2027 में भाजपा को हराना कांग्रेस का लक्ष्य और संकल्प है।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले आर्य

सपा और कांग्रेस के बीच टिकट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया अलायंस की सहयोगी है। गठबंधन कब, कैसे और किन शर्तों पर होगा, इसका फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। इमरान मसूद और अखिलेश यादव के बीच बयानबाजी पर आर्य ने कहा कि अधिक सीटों और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व की मांग को लड़ाई नहीं माना जाना चाहिए।

‘डायरी’ वाले बयान पर मचा सियासी घमासान

भ्रष्ट अधिकारियों की डायरी में नाम लिखे जाने वाले अपने बयान पर आर्य ने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी भू-माफियाओं और भ्रष्ट तंत्र के साथ मिलकर सरकारी संपत्तियों का दोहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसे अधिकारियों से उनके कथित कृत्यों का हिसाब लिया जाएगा।

मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के अभियान पर क्या बोले?

‘सेव इंडिया, सेव शरीया’ अभियान को लेकर आर्य ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति और संस्था को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि जो भी मांग जायज होगी, सरकार को उसे सुनना चाहिए।

EVM आंदोलन पर बदले कार्यक्रम के संकेत

5 सितंबर के प्रस्तावित आंदोलन और EVM के मुद्दे पर आर्य ने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार राजनीतिक कार्यक्रमों में बदलाव होता रहता है। उन्होंने सामाजिक समरसता और समानता की लड़ाई को फिलहाल प्राथमिकता बताते हुए कहा कि स्थगित आंदोलन भविष्य में हो सकता है।

UCC और ‘वंदे मातरम्’ पर भाजपा को घेरा

UCC और ‘वंदे मातरम्’ के मुद्दे पर आर्य ने भाजपा पर मुद्दों से भटकाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का ‘वंदे मातरम्’ के प्रति अपना ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है और भाजपा जनता के बुनियादी सवालों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है।

महंगाई पर भाजपा को बताया ‘जुमले आधारित पार्टी’

बढ़ती महंगाई पर आर्य ने बेरोजगारी, महंगाई और किसानों-कामगारों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए धर्म और जाति के मुद्दों को आगे करती है। आर्य ने कहा कि जनता अब जागरूक हो चुकी है और 2027 में इन मुद्दों का जवाब चुनाव के जरिए देगी। कुल मिलाकर संजीव आर्य की प्रेसवार्ता में 2027 का चुनाव केंद्र में रहा, जहां उन्होंने भाजपा पर तीखे आरोप लगाने के साथ कांग्रेस की तैयारियों, संभावित जॉइनिंग, सपा-कांग्रेस गठबंधन, कथित भ्रष्टाचार, EVM, UCC, ‘वंदे मातरम्’ और महंगाई जैसे तमाम मुद्दों पर पार्टी का रुख सामने रखा।

Also Read- Deoria: मुख्यमंत्री ने योजनाओं के लाभार्थियों को दिया चेक, चाबी, प्रमाणपत्र व सहायता राशि

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement