Hardoi: सकाहा के संकटहरण महादेव मंदिर का होगा कायाकल्प, 1.66 करोड़ रुपये से होगा पर्यटन विकास।
जनपद के प्रसिद्ध और पौराणिक संकटहरण महादेव मंदिर, सकाहा के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने
हरदोई। जनपद के प्रसिद्ध और पौराणिक संकटहरण महादेव मंदिर, सकाहा के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने मंदिर परिसर के सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए 1 करोड़ 66 लाख 6 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस योजना के तहत मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
परियोजना के अंतर्गत मंदिर परिसर में कई विकास कार्य कराए जाएंगे। मंदिर की दीवारों पर भगवान शिव की महिमा और मंदिर के पौराणिक इतिहास को चित्रों के माध्यम से दर्शाया जाएगा। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विश्राम गृह तथा धूप और बारिश से बचाव के लिए यात्री शेड का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा परिसर में आकर्षक पाथवे, आरसीसी बेंच, उद्यानीकरण, सोलर स्ट्रीट लाइट, आधुनिक शौचालय, ड्रेनेज सिस्टम और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
- आस्था का प्रमुख केंद्र है सकाहा धाम
शहर से लगभग 17 किलोमीटर दूर NH-731 पर स्थित यह मंदिर हरदोई समेत आसपास के कई जिलों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां श्रद्धा से मत्था टेकने पर भगवान शिव भक्तों के संकट हर लेते हैं। सावन माह में यहां भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन वर्ष भर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
- पर्यटन निगम को सौंपी गई जिम्मेदारी
शासन के उप सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को सौंपी गई है। संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ कराया जाए।
इस योजना के लागू होने के बाद सकाहा का संकटहरण महादेव मंदिर न केवल धार्मिक बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी नई पहचान हासिल कर सकेगा।
Also Read- Hardoi: किसान पिता का बेटा बना IAS, हरदोई के योगेंद्र कुमार सिंह ने UPSC 2026 में मारी बाजी।
What's Your Reaction?











