पारिवारिक जिम्मेदारियां निभाते हुए सृष्टि सिंह बनीं रोहिलखंड विश्वविद्यालय की गोल्ड मेडलिस्ट, शिक्षा के क्षेत्र में बनाएंगी करियर
पीलीभीत की सृष्टि सिंह ने रोहिलखंड विश्वविद्यालय के परास्नातक शिक्षा शास्त्र में टॉप कर गोल्ड मेडल जीता। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन दी बधाई।
पीलीभीत: महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय बरेली के दीक्षांत समारोह में जनपद की बेटी सृष्टि सिंह को परास्नातक शिक्षा शास्त्र में विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतिकूल मौसम के कारण उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं, जिसके चलते उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से समारोह की अध्यक्षता करते हुए छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार विशेष अतिथि और पूर्व संयुक्त सचिव डॉक्टर राकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
माधोटांडा निवासी सृष्टि सिंह ने पूरनपुर स्थित श्री साईं गर्ल्स डिग्री कॉलेज से परास्नातक शिक्षा शास्त्र की परीक्षा 81.20 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम श्रेणी ऑनर्स में पास की। वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की। उनके पति निखिल सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं, जबकि पिता आदित्य कुमार सिंह सधन सहकारी समिति से जुड़े हैं। परिवार और ससुराल पक्ष के निरंतर सहयोग से उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और क्षेत्र का मान बढ़ाया।
जयपुर के ज्योति विद्यापीठ महिला विश्वविद्यालय से बीटेक कंप्यूटर साइंस प्रथम श्रेणी में पूरा करने के बाद सृष्टि सिंह ने शिक्षा शास्त्र विषय में उच्च शिक्षा हासिल की। वह भविष्य में शिक्षा शास्त्र में शोध कार्य पूरा कर विश्वविद्यालय स्तर पर प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं देना चाहती हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही समाज और देश के सर्वांगीण विकास का मुख्य आधार है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है।
Also Click : यूपी में छात्रवृत्ति योजना का समयबद्ध और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित, नोडल अधिकारी किए जाएंगे तैनात
What's Your Reaction?




