Sitapur: नैमिष कॉरिडोर में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, डीएम ने निरीक्षण कर दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी नैमिषारण्य को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित

Jul 29, 2026 - 18:07
80 Views
Sitapur: नैमिष कॉरिडोर में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, डीएम ने निरीक्षण कर दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
नैमिष कॉरिडोर में लापरवाही पर सख्त चेतावनी, डीएम ने निरीक्षण कर दिए गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

 रिर्पोट:- सुरेंद्र मोठी, संवाददाता नैमिषारण्य

सीतापुर/नैमिषारण्य। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी नैमिषारण्य को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित नैमिष कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्यों का बुधवार को जिलाधिकारी राजागणपति आर. ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण स्थलों का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी सबसे पहले भैरमपुर परिक्रमा मार्ग पहुंचे, जहां निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित पंचमुखी प्लाजा का निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ठाकुर नगर स्थित निर्माणाधीन पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। 

उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए पार्किंग सहित सभी आधारभूत सुविधाओं का समय से विकसित होना अत्यंत आवश्यक है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और तीर्थ क्षेत्र की व्यवस्थाएं अधिक सुव्यवस्थित होंगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के तेवर काफी सख्त दिखाई दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता से समझौता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। 

उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर शासन की मंशा के अनुरूप तीर्थ क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता के अनुरूप नैमिषारण्य को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा होना चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow