मसूरी पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई चोरी की वारदात, दुकान के अंदर रंगे हाथ दबोचे गए दो शातिर चोर

पर्यटन नगरी मसूरी में पुलिस की सतर्कता और लगातार रात्रि गश्त ने एक बड़ी चोरी की वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर

By INA News Desk
Jul 27, 2026 - 16:47
34 Views
मसूरी पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई चोरी की वारदात, दुकान के अंदर रंगे हाथ दबोचे गए दो शातिर चोर
मसूरी पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई चोरी की वारदात, दुकान के अंदर रंगे हाथ दबोचे गए दो शातिर चोर

रिपोर्टर सुनील सोनकर   
पर्यटन नगरी मसूरी में पुलिस की सतर्कता और लगातार रात्रि गश्त ने एक बड़ी चोरी की वारदात को होने से पहले ही नाकाम कर दिया। माल रोड स्थित एक मोबाइल शॉप में चोरी करने घुसे दो आरोपियों को मसूरी पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए नौ मोबाइल फोन, अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा बरामद किया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने सीज कर दी।
मसूरी कोतवाल देवेन्द्र चौहान ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष गश्त अभियान के तहत सोमवार तड़के कोतवाली मसूरी की पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान माल रोड स्थित मस्जिद वाली गली में स्टार मोबाइल दुकान के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए दुकान की घेराबंदी कर अंदर प्रवेश किया, जहां दो युवक मोबाइल और अन्य सामान चोरी करते हुए पकड़े गए।पुलिस ने मौके से 09 मोबाइल फोन, चार्जर, एडॉप्टर, डाटा केबल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तथा ताला तोड़ने में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से मसूरी घूमने आए थे। दो दिन पहले उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि लगातार पुलिस गश्त के कारण वे पहले चोरी नहीं कर सके, लेकिन इस बार प्रयास करते ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगहीर सिंह (38 वर्ष) निवासी जिला संगरूर, पंजाब और तरणप्रीत सिंह (30 वर्ष) निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली मसूरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्थानीय व्यापारियों ने मसूरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पर्यटन सीजन में लगातार गश्त और सतर्क पुलिसिंग से व्यापारियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पर्यटन सीजन के दौरान बाजार, होटल और संवेदनशील क्षेत्रों में रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके

Also Read-Gorakhpur: आस्था पर प्रहार करने वाले अब आस्थावान बनने का ठेका ले रहे हैं: गोरखपुर से सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow