UP Agriculture News: खाद-बीज में ओवररेटिंग और टैगिंग पर नपेंगे व्यापारी, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की सख्त चेतावनी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि भवन में योजनाओं की समीक्षा की। खाद-बीज में ओवररेटिंग पर सख्त रुख अपनाते हुए उपकार के सुस्त कामकाज पर नाराजगी जताई।
उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों के हितों की रक्षा और कृषि योजनाओं की समीक्षा के लिए कृषि भवन सभागार में एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद (उपकार) के कामकाज, खाद-बीज व कीटनाशक व्यापारियों की समस्याओं, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब तथा प्रदेश को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित 'यूपी कृषि महाकुंभ' के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया गया।
कृषि मंत्री ने उपकार को पिछले वर्ष मिले बजट के उपयोग और अनुसंधान कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। फसलों की नई उन्नत प्रजातियों के विकास और वैज्ञानिक शोध में मनमुताबिक परिणाम न मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और अधिकारियों को शोध कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
प्रदेशभर के किसानों को सुगमता से खाद, उन्नत बीज और गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए व्यापारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कृषि मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या एक उत्पाद के साथ दूसरे उत्पाद को जबरन बेचने (टैगिंग) जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को यह भरोसा भी दिया कि उनके वास्तविक व्यावसायिक और तकनीकी मुद्दों का सरकार समयबद्ध समाधान करेगी।
इनोवेशन हब से जुड़े प्रस्तुतीकरण को देखकर उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि विकास से जुड़ी हर तकनीक का सीधा लाभ खेत-खलिहान तक पहुंचना आवश्यक है। बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, विशेष सचिव कृषि लाल बहादुर यादव, महानिदेशक उपकार संजय सिंह, निदेशक कृषि टीएम त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







