UP School News: परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के लिए 3.81 करोड़ की राशि मंजूर, मिलेगी संदर्शिका और शिक्षक डायरी

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को अकादमिक सहयोग देने के लिए 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई है। जानिए पूरी योजना।

Aug 12, 2026 - 22:06
2 Views
UP School News: परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के लिए 3.81 करोड़ की राशि मंजूर, मिलेगी संदर्शिका और शिक्षक डायरी

उत्तर प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शैक्षणिक सत्र के लिए शिक्षकों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3.81 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सीमा मंजूर की गई है। इस पहल से अध्यापकों को पाठ योजना तैयार करने से लेकर कक्षा में अध्यापन तक का आवश्यक सहयोग प्राप्त होगा।

राज्य के सभी 75 जिलों में पहली से पांचवीं कक्षा तक हिंदी और गणित पढ़ाने वाले अध्यापकों के लिए संदर्शिका और शिक्षक डायरी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। इसके लिए समग्र शिक्षा के तहत राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय द्वारा 338.54 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इस बजट में संदर्शिका छपाई के लिए 172.35 लाख रुपये, शिक्षक डायरी मुद्रण के लिए 152.91 लाख रुपये और मुद्रित पठन सामग्री को जिलों तक पहुंचाने के परिवहन खर्च के लिए 13.27 लाख रुपये की व्यवस्था की गई है।

बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह ने बताया कि एक आदर्श कक्षा की नींव शिक्षक की पूर्व तैयारी पर टिकी होती है। सरकार का उद्देश्य है कि शिक्षकों को पढ़ाते समय किसी प्रकार की कठिनाई न आए और उन्हें पाठ्यपुस्तक के अलावा भी आवश्यक मार्गदर्शन मिले। संदर्शिका से शिक्षकों को पाठ योजना बनाने और विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार अध्यापन कराने में आसानी होगी, जबकि शिक्षक डायरी के जरिए वे अपनी दैनिक शिक्षण गतिविधियों का बेहतर रिकॉर्ड रख सकेंगे।

दूसरी ओर, कक्षा 6 से 8 तक के परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एलईपी मद में 42.61 लाख रुपये की अलग से स्वीकृति दी गई है। इसका मुख्य उद्देश्य अध्यापकों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर कक्षा में गतिविधियों और प्रस्तुतीकरण के लिए जरूरी शैक्षणिक मदद देना है।

स्कूल शिक्षा महानिदेशक एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि संदर्शिका और शिक्षक डायरी का मुद्रण और वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सामग्री का वितरण विद्यालय स्तर तक समय से हो ताकि शैक्षणिक सत्र के दौरान शिक्षकों को आवश्यक संसाधनों के लिए प्रतीक्षा न करनी पड़े।

Also Click : Justice Yashwant Varma Case: सरकारी आवास से जले नोट मिलने के मामले में जांच कमेटी की रिपोर्ट संसद में

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow