UP News: सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत, तकनीक से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य

उत्तर प्रदेश के सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत हुई। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने उद्घाटन कर तकनीक आधारित शिक्षा पर जोर दिया।

Aug 12, 2026 - 22:03
3 Views
UP News: सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत, तकनीक से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य

उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में समाज कल्याण विभाग ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग द्वारा संचालित पांच जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत की गई है। इस पहल का औपचारिक उद्घाटन लखनऊ के गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में आयोजित एक विशेष संवाद एवं उद्घाटन कार्यक्रम में किया गया।

सीएसआर पहल के अंतर्गत फर्स्ट ओरिजिन नेक्स्टजेन एडुटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से शुरू हुए इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में पांच चयनित विद्यालयों में एक-एक स्मार्ट क्लासरूम तैयार किया गया है।

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, निदेशक संजीव सिंह, उपनिदेशक जे राम और फर्स्ट ओरिजिन के प्रबंध निदेशक अनुज कुमार वर्मा उपस्थित रहे।

निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश में कुल 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। शुरुआती चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तहत गाजियाबाद के निडोरी, बुलंदशहर के बदनौरा, मेरठ के हस्तिनापुर, बरेली तथा पीलीभीत के सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं।

इन कक्षाओं में पढ़ाई को रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट डिजिटल पैनल, वातानुकूलन और लकड़ी की फ्लोरिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम का उद्देश्य केवल पढ़ाई के माध्यम को बदलना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करना है।

उन्होंने जोर दिया कि तकनीक के उपयोग से हर विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा निखारने का समान अवसर मिलेगा। वहीं संस्था के प्रबंध निदेशक अनुज कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि आगामी चरणों में इस डिजिटल शिक्षा मॉडल का विस्तार प्रदेश के अन्य सर्वोदय विद्यालयों में भी किया जाएगा।

Also Click : Hapur: स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ रेंज में अभेद सुरक्षा घेरा, 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow