Lucknow News: प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने इनमोबी के लखनऊ टेक सेंटर का किया दौरा, IT इकोसिस्टम की सराहना
प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने इनमोबी के लखनऊ टेक सेंटर का दौरा किया। उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने और रोजगार सृजन पर चर्चा हुई।
उत्तर प्रदेश शासन के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स तथा नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने इनमोबी के लखनऊ स्थित प्रौद्योगिकी केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की अत्याधुनिक अवसंरचना और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान कंपनी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉक्टर सुबी चतुर्वेदी की उपस्थिति में उन्होंने वैश्विक स्तर के उत्पादों पर काम कर रहे 100 से अधिक अभियंताओं, उत्पाद विशेषज्ञों और तकनीकी पेशेवरों से संवाद किया।
कंपनी की टीम को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीक राज्य के आर्थिक विकास के मुख्य आधार हैं। प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को पूरा करने में इस क्षेत्र का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लखनऊ और कानपुर जैसे शहरों में उच्चस्तरीय तकनीकी केंद्रों की स्थापना से स्थानीय प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल रहे हैं, जिससे कुशल पेशेवरों का पलायन रोकने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों को निरंतर नए कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया।
कंपनी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मुख्य कॉर्पोरेट मामले व लोक नीति अधिकारी डॉक्टर सुबी चतुर्वेदी ने कहा कि राज्य सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण प्रदेश में निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं। उन्होंने संस्थापक नवीन तिवारी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए स्थानीय युवाओं के कौशल विकास, शैक्षणिक संस्थानों के साथ समन्वय और विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं के समाधान के लिए तकनीक आधारित मॉडल विकसित करने की बात कही।
इनमोबी ने लखनऊ को अपने वैश्विक नवाचार नेटवर्क के दीर्घकालिक केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। यह केंद्र जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग ऑपरेशंस, ऑटोमेशन और उन्नत एआई अवसंरचना जैसे क्षेत्रों पर काम कर रहा है। आने वाले वर्षों में कंपनी द्वारा 500 से अधिक उच्च-तकनीकी अभियंताओं और डेटा साइंस विशेषज्ञों की नियुक्ति की योजना है, जिससे क्षेत्र में 3,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
कंपनी समूह के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी नवीन तिवारी के अनुसार लखनऊ कार्यालय को केवल एक सहयोगी शाखा के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीकों पर शोध करने वाले एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश से जुड़े संस्थापकों वाली यह कंपनी लखनऊ में अपना केंद्र स्थापित करने वाली देश की पहली डीप-टेक संस्था बन गई है।
Also Click : Devendra Mahato Fast Unto Death: देवेंद्र महतो का अनशन 11वें दिन जारी, छात्रों ने दी 'मास मूवमेंट' की
What's Your Reaction?



