Hapur: स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ रेंज में अभेद सुरक्षा घेरा, 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की शान में कोई खलल न पड़े, इसके लिए मेरठ रेंज में पुलिस ने सुरक्षा का अभेद घेरा तैयार कर

By INA News Desk
Aug 12, 2026 - 20:00
20 Views
 Hapur: स्वतंत्रता दिवस पर मेरठ रेंज में अभेद सुरक्षा घेरा, 4 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

हापुड़: स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की शान में कोई खलल न पड़े, इसके लिए मेरठ रेंज में पुलिस ने सुरक्षा का अभेद घेरा तैयार कर लिया है। 15 अगस्त को होने वाले तिरंगा यात्राओं, प्रभात फेरियों, शोभायात्राओं और अन्य कार्यक्रमों को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देश पर रेंज के चारों जिलों में विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत ऑपरेशन शील, ऑपरेशन कवच, ऑपरेशन पहचान, ऑपरेशन बाजार और ऑपरेशन स्वीप प्रभावी किए गए हैं। अंतरराज्यीय व अंतरजनपदीय सीमाओं पर बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली जा रही है। स्कूल-कॉलेज, बैंक, एटीएम, वित्तीय संस्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, काली फिल्म, हूटर और संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की खास नजर रहेगी।
बाजारों, मॉल, मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों में संदिग्ध वस्तुओं और लोगों की चेकिंग होगी। वहीं होटल, धर्मशाला, सराय, ढाबे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भौतिक जांच के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा के लिए मेरठ रेंज को 24 जोन और 81 सेक्टर में बांटा गया है। कुल 62 क्यूआरटी तैनात की गई हैं। करीब 4000 पुलिसकर्मी स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा संभालेंगे। इनमें सात अपर पुलिस अधीक्षक, 26 सीओ, 91 निरीक्षक, 634 उपनिरीक्षक, 1183 मुख्य आरक्षी, 1263 आरक्षी, 405 होमगार्ड/पीआरडी जवान और एक कंपनी पीएसी शामिल है।
रेंज में कुल 75 तिरंगा यात्राएं, 22 प्रभात फेरियां, 32 शोभायात्राएं और 30 अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। हापुड़ में 22 तिरंगा यात्राएं और 12 सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। चेकिंग के लिए पूरे रेंज में 302 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जिनमें हापुड़ के 31 स्थान शामिल हैं।
डीआईजी ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, होटल, बाजार, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए हैं। प्रवेश-निकास द्वारों पर सुरक्षा, रूफटॉप ड्यूटी, एंटी-सबोटाज चेकिंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है। किरायेदारों के सत्यापन से लेकर अवैध हथियार, शराब और विस्फोटक पदार्थों की तस्करी रोकने तक के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को नियमित फुट पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता दिवस को शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।

Also Read- Hardoi: संदिग्ध परिस्थितियों में जेसीबी चालक ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow