Hardoi: हरदोई में युवा शक्ति ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, भारत माता के जयघोष से गूंजा नगर
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर युवा शक्ति ने हरदोई नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में भारी जनसमूह उमड़ा। हाथों
हरदोई: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर युवा शक्ति ने हरदोई नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में भारी जनसमूह उमड़ा। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं, महिलाओं और नगरवासियों के भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से पूरा नगर देशभक्ति के जोश से भर उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बाबा साहेब आंबेडकर पार्क से हुआ। यात्रा में विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र रहे। युवा शक्ति मुदित बाजपेई के नेतृत्व में यात्रा नगर के प्रमुख मार्ग से होती हुई अटल चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रास्ते भर लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और देशभक्ति के इस आयोजन का हिस्सा बने।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और उनके अमूल्य बलिदानों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र ने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, संघर्ष और बलिदान है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन जैन ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और वीर शहीदों के बलिदान का प्रतीक है। वही अब्बाद इराकी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली गई यह यात्रा नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास से जोड़ने और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने का माध्यम भी बनी।
तिरंगा यात्रा में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। अलका गुप्ता ने कहा कि महिलाएं केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वतंत्रता संग्राम में रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होल्कर, उषा मेहता और अनेक वीरांगनाओं ने अदम्य साहस का परिचय दिया। आज की महिलाएं भी शिक्षा, समाजसेवा, प्रशासन, राजनीति और राष्ट्र निर्माण के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
सौरभ सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने, समाज में भाईचारा बनाए रखने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लें।
मुदित बाजपेई ने कहा कि आज भारत दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसमें देश की युवा आबादी की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि युवा अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ें तो भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का सपना निश्चित रूप से साकार किया जा सकता है।
कहा कि कहा कि आजादी का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। युवाओं को शिक्षा, रोजगार, तकनीक, नवाचार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर पवन जैन, एडवोकेट अविनाश चंद्र गुप्ता, अनिल गुप्ता, सुभाष पाण्डेय, अशोक सिंह आज़ाद, सुशील अवस्थी,अजीत उपाध्याय, धीरज वर्मा, विमल रस्तोगी, आरिफ खान शानू, मुकुल सिंह, आदर्श दीपक मिश्रा, कपिल गुप्ता, आकाश सिंह, परेश लोहिया, अंकित पाण्डेय, नीरज, डॉक्टर अनुज, पंकज सिंह, शुभम लोहिया, प्रियंका सिंह शोभना सिंह, मीना वर्मा, अनुराधा मिश्रा, अविनाश मिश्रा, कुमुदनी तिवारी, बॉबी ओमर, गौरव भदौरिया, गंगेश पाठक, प्रद्युम्न मिश्रा, आदर्श मिश्रा, मोहित दीक्षित रंजीत शुक्ला, अंकित अवस्थी सोनू मिश्र, अनूप सिंह, अतुल सिंह गौरव द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में लोग यात्रा का हिस्सा बने।
What's Your Reaction?



