UP Government: पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, यूपी में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान ने लक्ष्य का 88.05% आंकड़ा छुआ; 2.93 लाख से अधिक प्रमाणपत्र जमा
उत्तर प्रदेश सरकार पेंशनभोगियों को तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया
- पेंशनभोगियों को बड़ी राहत, घर बैठे जमा कर सकेंगे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र
- उत्तर प्रदेश में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान के निर्धारित लक्ष्य की 88.05 प्रतिशत प्राप्ति
- 24 नवंबर तक 2.93 लाख से अधिक जीवन प्रमाणपत्र जमा
- लखनऊ में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 के तहत विशेष महाशिविर आयोजित
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार पेंशनभोगियों को तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के तत्वावधान में प्रदेश के समस्त जनपदों में एक नवंबर से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 24 नवंबर तक 2,93,188 जीवन प्रमाणपत्र जमा किए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का 88.05 प्रतिशत है।
अभियान के तहत गुरुवार को कोषागार निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय प्रबंधन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान, इंदिरा नगर, लखनऊ में विशेष महाशिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र की सुविधाओं, फेस ऑथेंटिकेशन तथा ऑनलाइन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव श्रीमती निवेदिता शुक्ला वर्मा ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से जीवन प्रमाणपत्र जमा करने की प्रक्रिया को अत्यंत सरल एवं सुविधाजनक बनाया गया है। पेंशनभोगी अपने स्मार्टफोन पर संबंधित मोबाइल एप डाउनलोड कर घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें बैंक अथवा कोषागार जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने पेंशनभोगियों को इस सुविधा के प्रति अधिकाधिक जागरूक किए जाने पर विशेष बल दिया।
प्रदेश में कोषागारों से जुड़े लगभग 11 लाख पेंशनभोगी हैं। नवंबर माह में 5.55 लाख लंबित जीवन प्रमाणपत्रों के सापेक्ष 3.33 लाख प्रमाणपत्र जमा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की वर्तमान प्रगति के आधार पर 30 नवंबर तक 3,66,485 जीवन प्रमाणपत्र जमा होने का अनुमान है, जो निर्धारित लक्ष्य से अधिक है।
शिविर में सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा ने पेंशनभोगियों से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया तथा वयोवृद्ध पेंशनभोगियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने बैंकों एवं कोषागारों के प्रतिनिधियों से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रमुख सचिव वित्त आलोक कुमार ने पेंशनभोगियों को ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति व्यवस्था में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए शासन स्तर पर आवश्यक प्रयास किए जाने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि अभियान के अंतर्गत इससे पूर्व 4 नवंबर को प्रयागराज, 18 नवंबर को गोरखपुर तथा 23 नवंबर को वाराणसी में विशेष महाशिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इस अवसर पर भारत सरकार के संयुक्त सचिव ध्रुवज्योति सेनगुप्ता, उत्तर प्रदेश शासन की सचिव वित्त मिनिस्ती एस., सचिव वित्त संदीप कौर, निदेशक कोषागार विजय कुमार सिंह सहित वित्त विभाग, यूआईडीएआई, विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों एवं कोषागारों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। शिविर में बैंकों एवं कोषागारों द्वारा पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए विशेष स्टॉल भी लगाए गए।
What's Your Reaction?

