UP Digital Skill Guide for Teachers: योगी सरकार की नई पहल, अब ‘डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ से हाईटेक बनेंगे शिक्षक; एआई और स्मार्ट क्लास का मिलेगा प्रशिक्षण

उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए समग्र शिक्षा ने ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की है। इसके जरिए शिक्षकों को स्मार्ट क्लास और एआई का प्रशिक्षण मिलेगा।

By INA News Desk
Nov 16, 2026 - 00:24
8 Views
UP Digital Skill Guide for Teachers: योगी सरकार की नई पहल, अब ‘डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ से हाईटेक बनेंगे शिक्षक; एआई और स्मार्ट क्लास का मिलेगा प्रशिक्षण
Advertisement
Advertisement

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य अध्यापकों को डिजिटल संसाधनों के सार्थक उपयोग में पारंगत बनाना है, ताकि वे कक्षा शिक्षण को अधिक रोचक बना सकें और विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप उन्हें बेहतर शैक्षणिक सहयोग प्रदान कर सकें।

इस मार्गदर्शिका के अंतर्गत शिक्षकों को विद्यालयों में स्थापित स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के उपकरणों की पहचान, उनके सुरक्षित संचालन और रखरखाव की चरणबद्ध जानकारी दी जाएगी। इसमें इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपी), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा जैसे उपकरणों को चालू और बंद करने का सही तकनीकी क्रम विस्तार से समझाया गया है। उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रणाली चालू करते समय पहले मुख्य विद्युत स्विच, फिर यूपीएस और अंत में पैनल व ओपीएस ऑन करने का नियम निर्धारित है, जबकि बंद करते समय पहले सभी एप्लीकेशन सुरक्षित रूप से बंद कर ओपीएस को शटडाउन करने के बाद पैनल और यूपीएस बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालय के सभी डिजिटल उपकरणों को स्टॉक पंजिका में दर्ज करना अनिवार्य किया गया है।

डिजिटल शिक्षण सामग्री की उपलब्धता को सुगम बनाने के लिए शिक्षकों को लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस), दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे मंचों के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दीक्षा मंच पर कक्षा एक से आठ तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकें और 16 हजार से अधिक शैक्षणिक वीडियो उपलब्ध हैं, जिन्हें शिक्षक पुस्तकों के क्यूआर कोड स्कैन करके सीधे कक्षा में प्रदर्शित कर सकेंगे। प्रत्येक कालांश में न्यूनतम 10 मिनट डिजिटल सामग्री के उपयोग का सुझाव दिया गया है। इंटरनेट की अनुपलब्धता की स्थिति में शिक्षण बाधित न हो, इसके लिए पहले से डाउनलोड सामग्री, दीक्षा के ऑफलाइन संसाधनों और पेन ड्राइव के उपयोग की रणनीति भी इसमें शामिल है।

छात्रों के ज्ञानवर्धन के लिए डिजिटल लाइब्रेरी में पांच हजार से अधिक ई-पुस्तकों, समाचार-पत्रों, पत्रिकाओं और ऑडियो बुक की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके एकेडमिक मोड के जरिए शिक्षक विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन कर सकेंगे और कठिनाई महसूस करने वाले बच्चों के लिए विशेष रेमेडियल सामग्री का उपयोग कर सकेंगे। आकलन के परिणामों को निपुण प्लस ऐप पर दर्ज किया जाएगा। व्यवस्था के अनुसार, यदि किसी प्रश्न का उत्तर आधे से अधिक विद्यार्थी गलत देते हैं, तो शिक्षक अगले कालांश में उस अवधारणा को पुनः स्पष्ट करेंगे। इसके अलावा शिक्षण प्रक्रिया में ‘मैं करके दिखाता हूं, हम मिलकर करते हैं और बच्चे स्वयं करते हैं’ की तीन चरणों वाली पद्धति को भी अपनाया गया है।

आधुनिक तकनीक के साथ कदम मिलाते हुए मार्गदर्शिका में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जिम्मेदार उपयोग और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षक पाठ योजना, प्रश्नपत्र और कार्यपत्रक तैयार करने के लिए एआई की सहायता ले सकेंगे, किंतु सामग्री की तथ्यात्मक सटीकता और पाठ्यक्रम से उसकी अनुरूपता की जांच स्वयं करेंगे। डेटा गोपनीयता बनाए रखने के लिए विद्यार्थियों के नाम, फोटो, यू-डायस कोड या कोई भी व्यक्तिगत जानकारी एआई प्लेटफॉर्म पर साझा न करने की सख्त हिदायत दी गई है। उपकरणों में तकनीकी खराबी आने पर शिक्षक विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर या प्रेरणा पोर्टल के शिकायत मॉड्यूल पर अपनी समस्या दर्ज करा सकेंगे। स्कूल शिक्षा की महानिदेशक मोनिका रानी के अनुसार, यह व्यावहारिक प्रशिक्षण डिजिटल संसाधनों के माध्यम से बच्चों के सीखने के स्तर को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।

Also Read : UP Free Tablet Smartphone Scheme Report: आईआईएम लखनऊ की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना से 3 करोड़ लोगों की बदली जिंदगी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement