UP Divyangjan Empowerment: दिव्यांगजनों को स्थायी रोजगार से जोड़ने की तैयारी, मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने पेंशन में देरी पर जताई नाराजगी
यूपी के राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने विभागीय समीक्षा बैठक में दिव्यांगजनों को स्थायी रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांगता पेंशन में देरी पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र भुगतान को कहा।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने अपने कार्यालय में विभागीय योजनाओं और संस्थानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस उच्चस्तरीय बैठक में पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, राज्य आयुक्त दिव्यांगजन कार्यालय, लखनऊ स्थित डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय तथा चित्रकूट के जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय के कामकाज का जायजा लिया गया।
समीक्षा के दौरान राज्यमंत्री ने पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की सभी योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को तय लक्ष्यों के अनुरूप तेजी से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक योजना का लाभ समाज के पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिव्यांगजनों को स्थायी रोजगार मुहैया कराकर ही वास्तव में समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न निगमों और स्थानीय निकायों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर रोजगार के अवसर तलाशने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों के भीतर यह आत्मविश्वास जागृत होना चाहिए कि वे भी आम नागरिकों की तरह समाज का एक महत्वपूर्ण और अभिन्न हिस्सा हैं।
बैठक में दिव्यांगता पेंशन के भुगतान में हो रही देरी पर राज्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सभी पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द पेंशन की राशि जारी की जाए और भविष्य में भुगतान में विलंब न हो, इसके लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।
इसके साथ ही, आगामी अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रस्ताव अभी से तैयार किया जाए और आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज कल्याण विभाग का भी सहयोग लिया जाए। इस महत्वपूर्ण बैठक में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक अतिम सिंह व रणजीत सिंह, उप निदेशक अमित राय और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक विकास शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : India Italy Partnership: भारत-इटली की वैज्ञानिक साझेदारी को मिलेगी नई रफ्तार! 2027 में संयुक्त अनुसंधान का नया आह्वान
What's Your Reaction?

