UPSSSC Appointment Letter: सीएम योगी ने 1,146 कनिष्ठ सहायकों को बांटे नियुक्ति पत्र, लाभार्थी महिलाओं को मिले 5-5 लाख के चेक
लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपीएसएसएससी के तहत चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र दिए। साथ ही कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की लाभार्थी महिलाओं को 5-5 लाख रुपये के चेक सौंपे।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) के माध्यम से राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने 'मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना' के तहत विभिन्न जिलों की पात्र लाभार्थी महिलाओं को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी सौंपे।
भैया दूज के पावन अवसर पर नियुक्ति पत्र हासिल करने वाले युवाओं ने बिना किसी भ्रष्टाचार और पूरी पारदर्शिता के साथ हुई भर्ती प्रक्रिया के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। सीतापुर के रहने वाले विवेक सिंह ने बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के कारण ही आज उन्हें यह सफलता मिली है। गोरखपुर की अंकिता सिंह ने भी अपनी तीन साल की कड़ी मेहनत का जिक्र करते हुए कहा कि अब केवल योग्य और मेहनती युवाओं को ही सरकारी नौकरी मिल रही है।
इस भर्ती में आगरा की आशिया बानो की सफलता भी चर्चा का विषय रही। वर्तमान में राजस्व लेखपाल के पद पर सेवाएं दे रहीं आशिया बानो को प्रदेश सरकार के कार्यकाल में यह दूसरी सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने इसे अपने और अपने परिवार के लिए बेहद गौरवपूर्ण क्षण बताया। वहीं, पीलीभीत के धीरज कुमार ने कहा कि पांच साल के लंबे संघर्ष के बाद उन्हें यह मुकाम मिला है और पूरी भर्ती के दौरान आवेदन शुल्क के अलावा कहीं कोई अतिरिक्त पैसा नहीं लगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की लाभार्थियों को सहायता राशि प्रदान की। रायबरेली की पूनम, अमेठी की सीमा, गुड्डी देवी और रमाकांती पांडेय को पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए गए। लाभार्थी महिलाओं ने भावुक होते हुए कहा कि परिवार के मुखिया के जाने के बाद घर चलाना कठिन हो गया था, लेकिन सरकार की इस आर्थिक मदद से अब वे अपने बच्चों की शिक्षा और परिवार का भरण-पोषण बेहतर तरीके से कर सकेंगी।
What's Your Reaction?

