उत्तर प्रदेश इंडस्ट्री कनेक्ट–मुंबई 2026: कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने के लिए सरकार–उद्योग साझेदारी पर जोर। 

प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉक्टर शन्मुगा सुंदरम ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा

Mar 14, 2026 - 22:32
 0  2
उत्तर प्रदेश इंडस्ट्री कनेक्ट–मुंबई 2026: कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने के लिए सरकार–उद्योग साझेदारी पर जोर। 
उत्तर प्रदेश इंडस्ट्री कनेक्ट–मुंबई 2026: कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने के लिए सरकार–उद्योग साझेदारी पर जोर। 

Lucknow: प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉक्टर शन्मुगा सुंदरम ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाने तथा उद्योगों के साथ प्रभावी साझेदारी विकसित करने के उद्देश्य से मुंबई स्थित होटल ग्रैंड हयात में “उत्तर प्रदेश इंडस्ट्री कनेक्ट–मुंबई 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों ने भाग लिया और कौशल विकास, रोजगार सृजन तथा उद्योग–सरकार सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर नेहा प्रकाश, निदेशक (सेवायोजन) ने स्वागत संबोधन दिया। इसके पश्चात डॉ. एम. के. शनमुग सुन्दरम्, प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार ने “इंडस्ट्री कनेक्ट” पहल की पृष्ठभूमि और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

उद्योग जगत की ओर से बिजय साहू, चेयर, FICCI स्किल्स कमेटी एवं ग्रुप प्रेसिडेंट (स्ट्रैटेजिक एचआर), रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मुख्य उद्योग वक्तव्य दिया। कार्यक्रम के दौरान “युवाओं के कौशल उन्नयन के माध्यम से बेहतर रोजगार अवसरों के लिए सहयोगात्मक साझेदारी” विषय पर एक पैनल चर्चा आयोजित की गई। इस चर्चा में श्री विन्सले फर्नांडीस, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एनएक्सटी डिजिटल; पी. के. पुंडीर, अपर निदेशक (सेवायोजन); अमेय वंजारी, मुख्य परिचालन अधिकारी, टाटा स्ट्राइव लिमिटेड; प्रवीण गुप्ता, होल टाइम डायरेक्टर, बलरामपुर चीनी मिल्स तथा डॉ. पराग अमीन, प्रोफेसर एवं रजिस्ट्रार, एटलस स्किलटेक यूनिवर्सिटी, मुंबई ने अपने विचार साझा किए। पैनल चर्चा का संचालन विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) के सेंटर फॉर द फोर्थ इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन के प्रमुख पुरुषोत्तम कौशिक द्वारा किया गया।

इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने और राज्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साझेदारियाँ युवाओं को प्रासंगिक कौशल से सुसज्जित करने और उन्हें राज्य में उभरते अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान श्रम एवं सेवायोजन विभाग और ONEOTT Intertainment Limited के बीच एक गैर वित्तीय समझौता ज्ञापन (non-financial MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से डॉ. एम. के. शन्मुगा सुन्दरम, प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग तथा कंपनी की ओर से श्री विन्सले फर्नांडीस, होल टाइम डायरेक्टर, हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस तथा प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, वनओटीटी इंटरटेनमेंट लिमिटेड ने हस्ताक्षर किए।

इस समझौते के तहत उत्तर प्रदेश के लगभग एक लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करते हुए उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस साझेदारी के माध्यम से युवाओं को डिजिटल सेवाओं से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्राप्त कर सकें। इस पहल के अंतर्गत आधुनिक तकनीकी कौशल के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विश्लेषण और स्वचालन जैसे उभरते क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे राज्य के युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित हो सकें।

डॉ. एम. के. शन्मुगा सुन्दरम्, प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन विभाग ने कहा कि यह सहयोग कौशल विकास कार्यक्रमों को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में सहायक होगा। उन्होंने कहा कि संरचित प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण की पहल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के युवाओं को तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा, साथ ही डेटा आधारित विश्लेषण के माध्यम से राज्य के रोजगार कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।

विन्सले फर्नांडीस, होल टाइम डायरेक्टर, हिंदुजा ग्लोबल सॉल्यूशंस तथा प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, वनओटीटी इंटरटेनमेंट लिमिटेड ने कहा कि तेजी से विकसित हो रही डिजिटल अर्थव्यवस्था में कौशलों का निरंतर अद्यतन होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के साथ यह साझेदारी राज्य के एक लाख से अधिक युवाओं को उन्नत तकनीकी कौशल से सुसज्जित करने तथा उन्हें डिजिटल सेवाओं और उभरती तकनीकों से जुड़े रोजगार अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर उद्योग, सरकार और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश में कौशल विकास, निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम ने सरकार और उद्योग के बीच संवाद एवं सहयोग को और मजबूत करने का मंच प्रदान किया। प्रतिभागियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की पहलें उत्तर प्रदेश के युवाओं को आधुनिक कौशल से सुसज्जित कर उन्हें भविष्य की अर्थव्यवस्था के अनुरूप रोजगार अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी तथा राज्य के समग्र आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेंगी।

Also Read- विपक्ष का मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव, भेदभावपूर्ण व्यवहार और मतदाता वंचन के आरोप

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।