Varanasi News: वाराणसी में काशी विश्वनाथ-ज्ञानवापी तीर्थ की पुनर्प्राप्ति की मांग, विपक्षियों को मिली याचिका की प्रति
काशी विश्वनाथ के ज्ञानवापी मामले में आज वाराणसी स्थित सिविल जज (सीनियर डिवीजन) हितेश अग्रवाल की अदालत
वाराणसी। काशी विश्वनाथ के ज्ञानवापी मामले में आज वाराणसी स्थित सिविल जज (सीनियर डिवीजन) हितेश अग्रवाल की अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान दोनों विपक्षी पक्षों—कमेटी ऑफ मैनेजमेंट अंजुमन इंतजामिया मस्जिद, ज्ञानवापी मस्जिद की ओर से एडवोकेट रईश अहमद अंसारी तथा बोर्ड ऑफ ट्रस्ट ऑफ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की ओर से अधिवक्ता रवि पांडे उपस्थित हुए और अपना अपना वकालतनामा दाखिल किया।
हिंदू पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता आरके सिंह की ओर से दोनों विपक्षी पक्षों को याचिका की प्रति उपलब्ध कराई गई। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता आरके सिंह के साथ सहयोगी अधिवक्ता अप्रमेय मिश्रा भी मौजूद रहे। यह याचिका सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता एवं युनाइटेड किंगडम की सॉलिसिटर रीना एन सिंह, इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सौरभ सोमवंशी, राणा प्रताप सिंह चंदेल तथा कौशांबी निवासी विजय सिंह टेवा की ओर से दाखिल की गई है।
याचिका में काशी विश्वनाथ, शिव परिवार, नंदी एवं ज्ञानवापी तीर्थ को पुनः प्राप्त करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि ज्ञानवापी कूप में गंगा का जल निरंतर विद्यमान है तथा स्कंद पुराण में भी इस पवित्र स्थल का उल्लेख मिलता है। याचिका में ज्ञानवापी परिसर को मुसलमानों के कब्जे से मुक्त कराने, वहां से मस्जिद हटाकर संबंधित स्थल हिंदुओं को वापस सौंपने तथा वहां नियमित रूप से आरती और पूजा-पाठ की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई है। मामले में अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 27 जनवरी की तारीख निर्धारित की है।
What's Your Reaction?

