Lucknow: भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जम्बूरी में 35 हजार प्रतिभागियों ने किया सूर्य व ग्रहों का अवलोकन। 

इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ द्वारा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की डायमंड जुबली ग्रैंड फिनाले एवं 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के अवसर पर

By INA News Desk
Nov 27, 2025 - 20:04
50 Views
Lucknow: भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जम्बूरी में 35 हजार प्रतिभागियों ने किया सूर्य व ग्रहों का अवलोकन। 
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जम्बूरी में 35 हजार प्रतिभागियों ने किया सूर्य व ग्रहों का अवलोकन। 

लखनऊ: इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ द्वारा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की डायमंड जुबली ग्रैंड फिनाले एवं 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी के अवसर पर खगोल विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विशेष सूर्यदर्शन एवं रात्रि आकाश दर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम 29 नवम्बर, 2025 तक प्रतिदिन नक्षत्रशाला एवं उत्तर प्रदेश एमैच्योर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में संचालित हो रहे हैं।

जम्बूरी स्थल पर सूर्यदर्शन के लिए दो सोलर टेलीस्कोप एवं सौर चश्मों की व्यवस्था की गई है, जिनकी मदद से देशभर से आए लगभग 35 हजार स्काउट्स एवं गाइड्स सूर्य का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक अवलोकन कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार छात्रों में सूर्य की सोलर प्रोमिनेंस, सनस्पॉट, तथा अन्य सौर गतिविधियों को देखने को लेकर अत्यधिक उत्साह देखा जा रहा है। यह क्रियाकलाप क्लब के संकल्प मोहन एवं अनुराग अवस्थी द्वारा संचालित किया जा रहा है।

रात्रि आकाश दर्शन के दौरान नक्षत्रशाला द्वारा लगाए गए बड़े टेलीस्कोपों से प्रतिभागियों को चन्द्रमा के क्रेटर, शनि के छल्ले, बृहस्पति का लाल धब्बा, तथा शुक्र ग्रह की कलाएँ दिखाए जा रही हैं। ग्रहों के इस प्रत्यक्ष अवलोकन से बच्चों में विशेष जिज्ञासा उत्पन्न हो रही है। विशेषज्ञ उन्हें ग्रहों की संरचना एवं विशिष्टताओं की संक्षिप्त वैज्ञानिक जानकारी भी प्रदान कर रहे हैं।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एमैच्योर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब के सदस्य—अनुराग सिंह, काव्या, वंशिका, आराधना, राहिल, गरिमा, कोमल, आदित्य कश्यप, दीपशिखा, अक्षत पाल आदि—सक्रिय रूप से सहयोग दे रहे हैं। नक्षत्रशाला की ओर से कार्यक्रमों के सुचारू संचालन हेतु श्री दिनेश जोशी एवं श्री संदीप यादव को समन्वय का दायित्व सौंपा गया है।

सभी गतिविधियाँ सुमित कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित की जा रही हैं। आयोजन समिति के अनुसार ये सभी कार्यक्रम निःशुल्क हैं और प्रतिभागियों को खगोल विज्ञान का वास्तविक, प्रेरक और अविस्मरणीय अनुभव प्रदान कर रहे हैं।

Also Read- Lucknow : सीएम योगी ने बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धान्जलि दी, कहा- संविधान की उद्देशिका का सशपथ पाठन कराया

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement