Deoband News: देवबंद में चाकूबाजी से 36 वर्षीय युवक की हत्या, इलाके में सनसनी; आरोपी हिरासत में

देवबंद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती में शनिवार सुबह चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या किए जाने से

By INA News Desk
Oct 17, 2026 - 12:37
7 Views
Deoband News: देवबंद में चाकूबाजी से 36 वर्षीय युवक की हत्या, इलाके में सनसनी; आरोपी हिरासत में

देवबंद: देवबंद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती में शनिवार सुबह चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 36 वर्षीय सुमित पुत्र सुनील के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह किसी बात को लेकर बस्ती निवासी राहुल का सुमित से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि राहुल ने सुमित पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में सुमित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। परिजन और मोहल्ले के लोग घायल सुमित को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवबंद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना देवबंद पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को हिरासत में ले लिया है। उससे थाने पर गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे की असली वजह क्या है, इसका पता पूछताछ और जांच के बाद ही चल सकेगा।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी देवबंद अमित सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मोहल्ले में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।

Also Read- Gurugram News: ओल्ड गुरुग्राम के मंदिर गेट पर 6 माह की बच्ची को पटककर भागा युवक, सिर में आई गंभीर चोट; CCTV फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement