देवबंद: स्कूल बस पर बदमाशों ने की फायरिंग, बस में सवार थे 20 बच्चे
- घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों में मचा हड़कंप
- बस ड्राईवर ने सूझबुझ से बचाई बच्चों की जान
देवबंद।
बाइक सवार बदमाशों ने छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर जा रही सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल की बस पर मकबरा गांव के समीप कई राउंड फायरिंग कर दी। इसमें कई विद्यार्थी गोली लगने से बाल-बाल बच गए। फायरिंग होने से विद्यार्थियों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।भायला कलां निवासी रवि कुमार स्टेट हाईवे-59 पर मोहल्ला सैनी सराय स्थित सर्वोदय ज्ञान पब्लिक स्कूल की बस पर चालक है।शनिवार की दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर वह स्कूल की छुट्टी के बाद वह दिवालहेड़ी गांव के बच्चों को छोड़ने के लिए जा रहा था। बस में करीब 20 बच्चे सवार थे। पुलिस को दी तहरीर में रवि ने बताया कि जब वह गाड़ी लेकर मकबरा गांव से आगे रजबाहे पर पहुंचा तो बुलेट और बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने बस को रुकवाने का प्रयास किया। लेकिन उसके द्वारा बस को भगा लिया गया। जिसके चलते बदमाशों ने छात्रों के ऊपर एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग की।
यह भी पढ़ें - यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: डीएम-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
जिसमें एक गोली बस के बोनट और दो गोलियां बस की बॉडी में आगे और पीछे की तरफ लगी। इससे विद्यार्थियों में अफरा तफरी मच गई। वह बस को बामुश्किल दिवालहेड़ी गांव ले गया। बदमाश कुछ दूर पीछा करने के बाद फरार हो गए। चालक रवि ने तहरीर में पुलिस को यह भी बताया कि घटना के बाद 11वीं कक्षा के छात्र नकुल ने बताया कि हमलावरों में से एक बसंत नाम का हमलावर हैदरपुर का रहने वाला है। वहीं, मामले को लेकर काफी संख्या में छात्रों के परिजन इकट्ठा होकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
What's Your Reaction?











