सम्भल न्यूज़: भारत की जीत का आधी रात सम्भल में मना जश्न, हुई आतिशबाजी।
- हाथों में तिरंगा लेकर खुशी से झूमे क्रिकेट प्रेमी
उवैस दानिश / सम्भल। भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 क्रिकेट विश्व का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया ने शनिवार की रात बारबाडोस के ब्रिजटाउन में खेले गए फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराया। इस मैच को लेकर देशभर के साथ ही सम्भल में भी खासा उत्साह नजर आया। भारत की जीत पर क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। हाथों में तिरंगा लेकर लोग सड़कों पर निकले और आतिशबाजी कर जमकर जश्न मनाया।
बता दें कि टी20 विश्व कप के फाइनल मैच को लेकर लोग शनिवार को सुबह से उत्साहित नजर आ रहे थे और टीम इंडिया की जीत के लिए पूजा-पाठ और प्रार्थनाओं का दौर शुरू हो गया था। फाइनल मैच को देखने के लिए लोग मोबाइल और टीवी से चिपके रहे, जहां लोगों ने रोमांचक मुकाबले का लुत्फ उठाया। टी-20 विश्व कप में भारत की शानदार जीत पर सम्भल देर रात जश्न में डूब गया। जैसे ही भारतीय टीम जीती, शहर में दीपावली जैसा नजारा देखने को मिला। भारतीय टीम ने जैसे ही दक्षिण अफ्रीका को हराया तो लोग टीवी सेट्स छोड़कर घरों से बाहर आ गए। सूनी गलियों में चहल-पहल शुरू हो गई।
कुछ ही देर बाद पटाखों के शोर चारों तरफ से सुनाई देने लगे। घरों के बाहर जश्न मनाने के बाद लोग सड़कों पर निकल पड़े और नाचकर अपनी खुशियों का इजहार किया। कई लोग परिवार के साथ वाहनों पर निकले। कोई नारे लगा रहा था तो कोई तिरंगा लहराकर खुशियां मना रहा था। साथ ही एक-दूसरे को जीत की बधाई देते हुए आतिशबाजी की। देर रात तक भारतीय टीम की जीत का जश्न मना।
What's Your Reaction?











