पूजा खेड़कर की मां की पुलिस हिरासत 2 दिन और बढ़ी

अब 22 जुलाई तक मनोरमा रहेंगी पुलिस हिरासत में, जांच जारी
पुणे-महाराष्ट्र।
विवादित आईएएस पूजा खेड़कर की मां मनोरमा की पुलिस हिरासत 2 दिन के लिए और बढ़ा दी गई है। उन पर हाथ में पिस्तौल लेकर किसानों को धमकाने का आरोप है। इस मामले का वीडियो भी वायरल हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने मनोरमा खेड़कर को रायगढ़ से गिरफ्तार किया था। यहां अपना नाम बदलकर वह पुलिस से छिपी हुई थी। आपको बता दें कि पूजा खेड़कर के परिवार की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। इससे पहले पुलिस ने मनोरमा को 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने की मांग की थी। सुनवाई करते हुए पुणे कोर्ट ने मनोरमा की पुलिस हिरासत को 2 दिनों के लिए और बढ़ा दिया है। अब मनोरमा 22 जुलाई तक पुलिस हिरासत में रहेंगी। एक मामले में मनोरमा पर जान से मारने की कोशिश का भी आरोप लगा है, जिसे लेकर उनकी मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं। पुलिस के मुताबिक, मनोरमा, उनके पति दिलीप खेड़कर और तीन अन्य लोगों को राजनीतिक रूप से सक्रिय बताया।
इसे भी पढ़ें - NEET पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड सहित 3 गिरफ्तार
आपको बता दें कि मनोरमा की गिरफ्तारी के बाद अब उनके पति दिलीप खेड़कर पर भी गिरफ्तारी के कयास लगाए जा रहे हैं। सनद हो कि विवादित आईएएस पूजा खेड़कर पर अपने सीनियर्स के केबिन पर कब्जा करने, निजी कार पर लाल-नीली बत्ती का इस्तेमाल करने और यूपीएससी को फर्जी कागजात पेश करने के आरोप लगे हैं। जिसकी जांच अभी जारी है। पूजा खेड़कर पर एक बड़ा आरोप यह भी है कि एक दुर्घटना की कहानी बनाते हुए उन्होंने विकलांगता प्रमाण पत्र के लिए दो अलग-अलग आवेदन किए थे और उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया। इसके अलावा उनके द्वारा दिए गए एजुकेशनल डॉक्यूमेंट में भी फर्जीवाड़ा बताया जा रहा है। हाल ही में पूजा खेड़कर ने पूरे जिला कलेक्टर सुहास के खिलाफ भी उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इन सभी मामलों की जांच अभी चल रही है। पुलिस ने मनोरमा खेड़कर पर लॉक अप में बदसलूकी करने का भी आरोप लगाया है। सुनवाई के दौरान जज ने जांच अधिकारियों को आदेश दिया कि 18 से 20 जुलाई के बीच लॉकअप की सीसीटीवी फुटेज अदालत में पेश की जाए। यह भी बता दें कि मनोरमा को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया था तो वह एक शख्स के साथ होटल में ठहरी थी, जिसे उन्होंने अपना बेटा बताया। मनोरमा खेड़कर ने होटल में चेक इन के समय अपना नाम इंदु भाई बताया था। इसके बाद बीते गुरुवार सुबह 3:30 बजे पुलिस की टीम वहां पहुंची और पूछताछ के बाद 6:30 बजे वहां से चली गई। इस बीच पुलिस टीम मनोरमा को अपने साथ लेकर गई। फिलहाल मनोरमा खेड़कर की पुलिस हिरासत अब 22 जुलाई तक बढ़ा दी गयी है और मामले की जांच गहनता से अभी जारी है।
What's Your Reaction?






