सिद्धार्थनगर न्यूज़: वॉलीबॉल खिलाड़ी रिया श्रीवास्तव का खेल कोटे से एनईआर टीम में हुआ चयन
सेटर खिलाड़ी के तौर पर दिखाएंगी अपना जौहर, बढ़नी कस्बे की है अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिया
सिद्धार्थनगर। नेपाल सीमा से सटे बढ़नी कस्बे की अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रिया श्रीवास्तव का खेल कोटे के तहत पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर की टीम में चयन हुआ है। चयन के साथ ही रिया को ग्रुप डी (चतुर्थ श्रेणी) में लेवल वन की नौकरी मिलेगी। उसकी उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए बधाई दी।
पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर में वॉलीबॉल महिला की टीम नहीं थी। यूपी वालीबॉल एसोसिएशन के द्वारा रेल मंत्रालय व रेलवे बोर्ड के समक्ष इस मुद्दे को लगातार उठाए जाने के बाद इस साल के मार्च महीने में वॉलीबॉल महिला टीम के सृजन को स्वीकृति मिली। इसके बाद रेलवे रिक्रूटमेंट सेल, एनईआर, गोरखपुर द्वारा टीम में खिलाड़ियों को शामिल करने के लिए खेल कोटे के तहत वैकेंसी निकाली गई थी।
5 मार्च से 20 मार्च के बीच हुए ट्रायल के बाद बढ़नी कस्बे की रिया श्रीवास्तव का चयन किया गया है। टीम में चुने जाने के बाद रिया की तैनाती ग्रुप डी (चतुर्थ श्रेणी) में लेवल वन के 1800 ग्रेड पे पर होगी। वह टीम में सेटर खिलाड़ी की हैसियत से खेलेगी। रिया के अलावा टीम में सुमेधा कुमारी, मनजीत, प्रियंका कुमारी, दीक्षा ठाकुर, इशू कलसैक, अपर्णा बीजू का भी चयन हुआ है।
रिया के चयन पर यूपी वालीबॉल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष मो. इब्राहिम, देवेंद्र पांडेय, संतोष श्रीवास्तव, रत्नेश सिंह ईशांक सिंह, विजय वर्मा, करम हुसैन इदरीसी, जुग्गीराम राही, निजाम अहमद, अजय प्रताप गुप्त, सगीर खाकसार, शंभू नाथ गुप्ता, विनय शर्मा, असलम खान, अलीम खान, मुन्नू सिद्दीकी, मयंक सिंह आदि ने बधाई दी है।
देश दुनिया में मचा चुकी है धूम
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली वॉलीबॉल गर्ल रिया तीन भाइयों के बीच इकलौती बहन है। कम उम्र में ही पिता का साया उसके सिर से उठ गया था। रिया की मां प्रतिभा श्रीवास्तव गृहणी है। रिया की प्राथमिक शिक्षा बढ़नी कस्बे में हुई। इसके बाद रिया का चयन वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर के लिए हुआ। जहां कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा ग्रहण किया।
इस दौरान रिया, 2015 में वॉलीबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से तमिलनाडु के इरोड और कर्नाटक के बेंगलुरु में मिनी नेशनल गेम खेल चुकी हैं। वर्ष 2016 व 2017 में स्कूल गेम फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित यूपी अंडर-14 व अंडर-17 टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। अपने खेल कौशल से नाखोनपैथोम (थाईलैंड) में आयोजित 20वीं साउथ ईस्ट एशियन (अंडर-17) महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए सब जूनियर वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।
वहां रजत पदक हासिल किया। वह खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2018 व 2020 का भी हिस्सा रही हैं। रिया श्रीवास्तव, 11 मई से 15 मई 2022 तक महाराष्ट्र के संगाली में हुए भारतीय यूथ वॉलीबाल चैंपियनशिप में पंजाब यूथ वॉलीबाल टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। वर्तमान में वह पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है।
रेलवे बोर्ड द्वारा एनईआर, गोरखपुर की वॉलीबॉल महिला टीम बनाने और उसमें रिया के चयनित होने से खुशी हो रही है। इससे अधिक से अधिक युवा खिलाड़ियों को रोजगार का अवसर मिलेगा और युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
मो. इब्राहिम
कोषाध्यक्ष, यूपी वालीबॉल एसोसिएशन
What's Your Reaction?











