Hardoi: पिहानी में खाटू श्याम की भक्ति का सैलाब, भजन-कीर्तन में झूमे हजारों श्रद्धालु।
स्थानीय गुरुद्वारे के सामने शुक्रवार रात आयोजित भव्य खाटू श्याम संकीर्तन में देर रात तक भक्ति का उत्सव चलता रहा।
पिहानी (हरदोई)। स्थानीय गुरुद्वारे के सामने शुक्रवार रात आयोजित भव्य खाटू श्याम संकीर्तन में देर रात तक भक्ति का उत्सव चलता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत 21 यजमानों द्वारा बाबा श्याम का विधिवत पूजन कर की गई, जिसके बाद संकीर्तन का शुभारंभ हुआ। पूजन उपरांत श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्र हुए और बाबा श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। दिल्ली से आए प्रसिद्ध गायक रितिक गुप्ता ने “लगन लागी तुमसे मन की लगन” सहित कई भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। “नैना लगे जो मिले हैं सरकार से…” भजन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
वहीं वृंदावन से पधारे प्रेमानंद जी के शिष्य अमन मिश्री ने एक से बढ़कर एक संकीर्तन प्रस्तुत कर भक्तों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही शर्मा सिस्टर्स, सोनू सांवरिया, कश्यप ब्रदर्स (पानीपत) और कानपुर के कलाकारों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिए। बरेली के प्रिंस गुप्ता साउंड सर्विस द्वारा बाबा श्याम का भव्य एवं दिव्य दरबार सजाया गया, जिसकी भक्तों ने सराहना की।
श्रद्धालुओं की सेवा हेतु प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी पंकज रस्तोगी तथा कपड़ा कारोबारी हेमंत रस्तोगी की ओर से पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरण किया गया। ठंड को देखते हुए जय बाबा बर्फानी मंशा नाथ सेवा समिति द्वारा चाय की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में समिति के दीपक कटियार, रोहित गुप्ता, सौरभ गुप्ता, मनु, धीरज गुप्ता, सेठ अरुण गुप्ता सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











