Sambhal: सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का शक्ति प्रदर्शन, सम्भल में पैदल मार्च; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
आम आदमी पार्टी (AAP) ने शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में सम्भल में जोरदार पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
उवैस दानिश, सम्भल
आम आदमी पार्टी (AAP) ने शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में सम्भल में जोरदार पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश प्रवक्ता आतिर हुसैन के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया। मार्च के दौरान शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और बढ़ती बेरोज़गारी को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा गया।
आतिर हुसैन ने कहा कि देश के करोड़ों युवाओं का भविष्य लगातार पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी के कारण संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के अधिकारों और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर सोनम वांगचुक ने 21 दिनों तक शांतिपूर्ण अनशन किया, लेकिन सरकार ने उनकी मांगों पर कोई गंभीर संवाद नहीं किया। इसके बजाय उन्हें अस्पताल ले जाकर आंदोलन को दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने रामपुर स्थित मौलाना अली जौहर विश्वविद्यालय पर हो रही कार्रवाई का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार का दायित्व शिक्षा संस्थानों को मजबूत करना है, न कि उन्हें कमजोर करना। यदि किसी संस्थान में तकनीकी या प्रशासनिक कमियां हैं तो उन्हें विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत दूर किया जाना चाहिए। आतिर हुसैन ने आरोप लगाया कि यदि मौलाना अली जौहर विश्वविद्यालय का संबंध आज़म खान से नहीं होता तो उसके खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने केंद्र सरकार पर शिक्षा के मुद्दों पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
What's Your Reaction?




