Hardoi: अपर पुलिस अधीक्षक ने हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को दिखाई हरी झंडी, सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत

जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने की

Aug 1, 2026 - 19:05
29 Views
Hardoi: अपर पुलिस अधीक्षक ने हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को दिखाई हरी झंडी, सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत
अपर पुलिस अधीक्षक ने हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन को दिखाई हरी झंडी, सड़क सुरक्षा होगी और मजबूत

हरदोई। जनपद में सड़क सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराने की दिशा में शनिवार को हरदोई पुलिस को एक अत्याधुनिक हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन मिला। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) हरदोई ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।

यह आधुनिक इंटरसेप्टर वाहन अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है। इसमें स्पीड डिटेक्शन सिस्टम, एलईडी स्पीड डिस्प्ले, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम सहित स्मार्ट यातायात प्रवर्तन उपकरण लगाए गए हैं। इनकी सहायता से तेज गति से चलने वाले वाहनों की निगरानी, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान तथा प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। हरदोई पुलिस का मानना है कि इस हाईटेक वाहन के संचालन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर पुलिस ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और सभी यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। पुलिस ने संदेश दिया कि "सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा" तथा "सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

Also Read- Hardoi: महिलाओं पर फब्तियां कसने वाला मनचला गिरफ्तार, बेनीगंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow