Hardoi: संडीला दोहरे हत्याकांड का खुलासा- प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, 2 गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी हिरासत में

संडीला थाना क्षेत्र में 30 जुलाई को मिले दो युवकों के शवों के मामले का हरदोई पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया

Aug 1, 2026 - 19:21
89 Views
Hardoi: संडीला दोहरे हत्याकांड का खुलासा- प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, 2 गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी हिरासत में
संडीला दोहरे हत्याकांड का खुलासा- प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, 2 गिरफ्तार, 3 बाल अपचारी हिरासत में

हरदोई। संडीला थाना क्षेत्र में 30 जुलाई को मिले दो युवकों के शवों के मामले का हरदोई पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा, दो बांस के डंडे तथा मृतकों के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की सुबह डायल-112 पर सूचना मिली थी कि अतरौली मार्ग पर निर्माणाधीन जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के पास सड़क किनारे दो युवकों के शव पड़े हैं। मृतकों की पहचान कछौना थाना क्षेत्र के रेसों निवासी अरुण चौरसिया तथा गौहनिया निवासी अभिषेक चौरसिया के रूप में हुई थी। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिसके आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अरुण का एक बाल अपचारी की बहन से फोन पर बातचीत और मुलाकात होती थी। समझाने के बावजूद संबंध समाप्त न होने पर बाल अपचारी और उसके साथियों ने हत्या की साजिश रची। घटना से दो दिन पहले बांस काटकर डंडे तैयार किए गए और वारदात स्थल के पास छिपा दिए गए। 29 जुलाई की शाम आरोपियों ने दोनों युवकों को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि पहले दोनों युवकों पर बांस के डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया। अरुण की सांस चलते देख एक आरोपी ने उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मृतकों के मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए और पुलिस से बचने के लिए अपने मोबाइल फोन परिजनों को देकर चालू रखने की योजना अपनाई।

पुलिस ने इस मामले में कुलदीप और प्रमोद को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो बांस के डंडे, मृतकों के दो मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। हरदोई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी संडीला, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा थाना संडीला पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई से इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का सफल अनावरण किया गया।

Also Read- Hardoi: भाजपा का समरसता अभियान- गुरु रविदास की पावन माटी के साथ हरदोई में निकली शोभायात्रा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow