Sambhal: सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर सम्भल प्रशासन अलर्ट, 5 जोन-16 सेक्टर में बंटा जिला, 85 मजिस्ट्रेट तैनात

सावन माह में निकलने वाली पारंपरिक कांवड़ यात्रा को लेकर सम्भल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अंकित

Jul 22, 2026 - 17:47
53 Views
Sambhal: सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर सम्भल प्रशासन अलर्ट, 5 जोन-16 सेक्टर में बंटा जिला, 85 मजिस्ट्रेट तैनात
अंकित खंडेलवाल, जिलाधिकारी सम्भल

उवैस दानिश, सम्भल

सावन माह में निकलने वाली पारंपरिक कांवड़ यात्रा को लेकर सम्भल जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रमुख मंदिरों के पुजारियों, धार्मिक प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक कर उनकी राय ली गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

डीएम ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, सड़क मरम्मत, मोबाइल टॉयलेट, कांवड़ शिविरों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। यात्रा के दौरान डीजे और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई है। जिले के थाना, सर्कल और तहसील स्तर पर भी लगातार बैठकें आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाते हुए इस बार भी व्यापक इंतजाम कर रहा है। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे के उपयोग को लेकर भी प्रशासन विचार कर रहा है, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। सुरक्षा और निगरानी के लिए पूरे जिले को 5 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित किया गया है। करीब 40 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के लिए 85 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी ईओ, बीडीओ और कार्यदायी संस्थाओं को भी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर कांवड़ यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस बार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Also Read- CM Yogi Sambhal Visit: संभल को 550 करोड़ की सौगात देंगे सीएम योगी, 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग का शिलान्यास

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow