Lucknow: आशियाना का वनस्थली पार्क बनेगा 'मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क', सितंबर 2026 तक खुलेगा।

आशियाना का वनस्थली पार्क जल्द ही मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क के रूप में तब्दील होगा। यहां जुरासिक पार्क की तर्ज पर ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स

By INA News Desk
Feb 27, 2026 - 11:55
36 Views
Lucknow: आशियाना का वनस्थली पार्क बनेगा 'मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क', सितंबर 2026 तक खुलेगा।
AI Image
  • जुरासिक पार्क की तर्ज पर आशियाना में बनेगा मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क 
  • आशियाना के वनस्थली पार्क में जोर-शोर से चल रहा है थीम पार्क का काम 
  • रोबोटिक ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत समेत पंचतंत्र के किरदार देखने को मिलेंगे 
  • एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सितम्बर, 2026 तक कार्य पूर्ण करने के दिये निर्देश 

आशियाना का वनस्थली पार्क जल्द ही मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क के रूप में तब्दील होगा। यहां जुरासिक पार्क की तर्ज पर ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत आदि के इंटरैक्टिव रोबोटिक मॉडल देखने को मिलेंगे। साथ ही सुप्रसिद्ध इंडियन फेयरी टेल ‘पंचतंत्र’ की कहानी व किरदार लोगों को लुभाएंगे। 

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को पार्क का निरीक्षण करके विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सितम्बर, 2026 तक समस्त विकास कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर नागरिकों के लिए यह थीम पार्क खोल दिया जाएगा।  

एलडीए के अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा ने बताया कि आशियाना के सेक्टर-के में स्थित वनस्थली पार्क में थीम आधारित विकास कार्य कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत यहां पी0पी0पी0 मोड पर लगभग 12 करोड़ रूपये की लागत से मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क विकसित किया जा रहा है। पार्क में निष्प्रयोज्य सामग्री के इस्तेमाल से मरमेड, फीनिक्स, जिनी, ग्रिफिन, वेयर वूल्फ, मोगली आदि के 12 लाइव मॉडल व स्कल्पचर्स स्थापित किये जाएंगे। इसके अलावा ड्रैगन, यूनीकॉर्न, साइक्लोप्स, ऐरावत आदि के 10 रोबोटिक मॉडल होंगे। उन्होंने बताया कि पार्क में काफी बड़ी वॉटर बॉडी विकसित की जा रही है, जिसमें आकर्षक फाउंटेन स्थापित किया जाएगा। साथ ही वॉच टॉवर और ट्ायलेट ब्लॉक विकसित किये जाएंगे। 

  •  ज्योतिबा फुले जोनल पार्क में शुरू होंगे 04 फाउंटेन 

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ज्योतिबा फुले जोनल पार्क का भी निरीक्षण किया। पार्क में लगभग 04 करोड़ रूपये की लागत से विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराये जा रहे हैं। पार्क में नये सिरे से विकसित की जा रही वॉटर बॉडीज में डासिंग फाउंटेन, बॉल फाउंटेन, रिंग फाउंटेन व पीकॉक फाउंटेन स्थापित किये जाएंगे। इसके अलावा जॉगिंग ट्रैक के पास 25 साउंड स्पीकर व थीमेटिक लाइटिंग लगवायी जाएगी। उपाध्यक्ष ने अप्रैल, 2026 तक सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये हैं। 

  •  कार्य की धीमी प्रगति पर ठेकेदार को नोटिस 

एलडीए उपाध्यक्ष ने कानपुर रोड योजना स्थित गौतम बुद्ध पार्क-1 में भी निरीक्षण किया। पार्क में ले-आउट के मुताबिक कार्य की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था मेसर्स एफ0ई0ए0जी0 इंजीनियर्स एंड कंस्ट्रक्शन प्रा0लि0 के खिलाफ नोटिस जारी करने के आदेश दिये हैं। उन्होंने ठेकेदार को हिदायत दी कि अगर 01 माह में कार्य में सुधार नहीं हुआ तो अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा।

Also Read- Lucknow: Investment in Uttar Pradesh is completely safe and full of potential: CM Yogi

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow