Hardoi News: हरदोई में अशोक बाजपेई की अपील, बोले—अवनीश सिंह को पहली वरीयता का मत देकर जिताएं; UGC और आरक्षण पर भी रखी बात
पूर्व भाजपा राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई ने स्नातक विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश
हरदोई। पूर्व भाजपा राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई ने स्नातक विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी इंजीनियर अवनीश सिंह के समर्थन में मतदाताओं से संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने अवनीश सिंह को पहली वरीयता का मत देकर विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अवनीश सिंह आम जनमानस से जुड़े रहने वाले और मृदुभाषी व्यक्ति हैं। वह लगातार लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझते हैं। ऐसे में मतदाताओं को उन्हें पहली वरीयता का मत देकर विधान परिषद भेजना चाहिए।
एमएलसी चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान और आम चुनाव में ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर उठने वाले सवालों पर अशोक बाजपेई ने कहा कि स्नातक विधान परिषद चुनाव सीमित मतदाताओं का चुनाव है। इसमें बैलेट पेपर से मतदान कराया जा सकता है, लेकिन आम चुनाव में मतदाताओं की संख्या बहुत अधिक होती है। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में मतदान बैलेट पेपर से कराना संभव नहीं है।
वोट चोरी और ईवीएम को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो इसे लोकतंत्र की जीत बताया जाता है, लेकिन जब हार का सामना करना पड़ता है तो ईवीएम पर सवाल उठाए जाने लगते हैं। उन्होंने विपक्ष के इस रवैये पर सवाल उठाए।
यूजीसी से जुड़े सवाल पर अशोक बाजपेई ने कहा कि यह मामला न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है। वहीं, आरक्षण में संशोधन और इस पर चल रही चर्चा को लेकर उन्होंने कहा कि यह विषय लोकसभा और सभी राजनीतिक दलों के बीच विमर्श का है। ऐसे मामले में उनकी व्यक्तिगत राय का कोई विशेष महत्व नहीं है।
इस दौरान शाहाबाद ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा, पिहानी ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पद प्रत्याशी पारुल दीक्षित मौजूद रहे ।
What's Your Reaction?



